लुधियाना जेल में आरोपियों को VIP ट्रीटमेंट देने वाला एडिशनल सुपरिंटेंडेंट सस्पेंड, 11 कैदियों की हो रही थी खातिरदारी
लुधियाना केंद्रीय जेल में जीएसटी के आरोपितों को वीआईपी सुविधाएं देने के आरोप में एडिशनल सुपरिंटेंडेंट बलवीर सिंह पर एफआइआर दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

लुधियाना जेल में आरोपियों को VIP ट्रीटमेंट देने वाला एडिशनल सुपरिंटेंडेंट सस्पेंड (File Photo)
HighLights
एडिशनल सुपरिंटेंडेंट बलवीर सिंह पर एफआइआर दर्ज कर निलंबित
जीएसटी आरोपितों को जेल में वीआईपी सुविधाएं देने का आरोप
पुलिस फरार अधिकारी बलवीर सिंह की तलाश में जुटी
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना केंद्रीय जेल में जीएसटी के मामलों में बंद आरोपितों से पैसे लेकर दूसरे कैदियों से अलग रखने और विशेष सुविधाएं देने के आरोप में जेल के एडिशनल सुपरिंटेंडेंट बलवीर सिंह पर एफआइआर दर्ज की गई है। शिकायत एडीजीपी जेल तक पहुंचने के बाद हुई जांच में करीब 11 आरोपितों से कथित लेनदेन की बात सामने आई।
इसके बाद जेल विभाग ने बलवीर सिंह को सस्पेंड कर दिया। एफआइआर दर्ज होते ही अधिकारी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में सरकारी आवास समेत संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस अब यह खंगाल रही है कि कथित तौर पर पैसे किससे लिए गए, कितनी रकम ली गई और उसके बदले जेल के नियमों को ताक पर रखकर कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
11 जीएसटी आरोपियों के नाम सामने आए
प्राथमिक जांच में करीब 11 जीएसटी आरोपितों का नाम सामने आया है। आरोप है कि इन लोगों को सामान्य कैदियों से अलग रखा जाता था। उनके खाने-पीने की बेहतर व्यवस्था की जाती थी और अन्य विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती थीं।
सूत्रों के मुताबिक, इस कथित खेल की शिकायत बाहर से नहीं बल्कि जेल के भीतर से ही उच्च अधिकारियों तक पहुंची। किसी अधिकारी या कर्मचारी ने उन आरोपितों की जानकारी जुटाकर शिकायत की, जिन्हें कथित तौर पर विशेष ट्रीटमेंट दिया जा रहा था। जांच के दौरान करीब 11 आरोपितों से कथित लेनदेन की बात सामने आने के बाद कार्रवाई की।
