गोयल दंपती मर्डर : सीबीआइ अधिकारी ने घटनास्थल देखे, गवाहों से की पूछताछ
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान सुरेश गोयल तथा उनकी पत्नी के 14 मई 2014 को हुए कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआइ अधिकारी शुक्रवार को जगराओं पहुंचे।
संवाद सहयोगी, जगराओं : वरिष्ठ कांग्रेस नेता और नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान सुरेश गोयल तथा उनकी पत्नी के 14 मई 2014 को हुए कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआइ अधिकारी शुक्रवार को जगराओं पहुंचे। सीबीआइ अधिकारी ने उक्त स्थान का दौरा किया और पहले गवाहों से पूछताछ की। इसके अलावा उन्होंने कुछ दस्तावेज जोकि पंजाबी में थे, का अनुवाद भी करवाया।
गौरतलब है कि 14 मई 2014 को देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुरेश कुमार गोयल के घर घुस कर उनका और उनकी पत्नी शिमला देवी का बेरहमी से चाकू मार कर कत्ल कर दिया था। आरोपी ने उनकी 18 वर्ष की नाती शगुना गुप्ता को चाकू मार कर बुरी तरह से घायल भी कर दिया था। माना जाता है कि कत्ल की वारदात को अंजाम देने वाले युवक रात को सुरेश गोयल के घर के बाहर जाने पर घर के अंदर दाखिल हो गए थे और घर के बाथरूम में छुप कर बैठ गए। रात करीब दस बजे सुरेश गोयल घर पहुंचे और रोजाना की तरह अंदर से शटर बंद कर दूसरी मंजिल पर अपनी पत्नी के पास चले गए। घर के अंदर छुप कर बैठे युवक ने रात करीब एक बजे वारदात को अंजाम दिया और पति-पत्नी को चाकू से बुरी तरह से गोद कर उनकी हत्या कर दी। जब उनकी नाती शगुना ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उसे भी चाकू मार कर घायल कर दिया। पहली बना है, कातिल घर से कैसे निकला
सुरेश गोयल का घर मेन बाजार में है। घर के आगे भी बाजार में दुकानों जैसे मेन गेट पर शटर लगाया हुआ है। माना जा रहा है कि कातिल वारदात को अंजाम देने के लिए तो पहले से ही घर में छुप कर बैठ गया होगा, लेकिन वारदात को अंजाम देकर वह किस रास्ते से घर के बाहर गया यह बात पहेली बन गई। उसे पुलिस अब तक नहीं सुलझा पाई। उस समय से अब तक जगराओं के पांच एसएसपी बदल चुके है। हर एसएसपी ने आते ही यह दावा जरूर किया था कि वे इस गुत्थी को सुलझा देंगे और कातिल जेल में होगा। लेकिन एक-एक करके सभी बदलते गए और अब यह मामला सीबीआइ को सौेंप दिया गया है। नामोनिशान भी मिटा
जिस घर में गोयल दंपती का बेरहमी से कत्ल किया गया था वह घर अब दो बार बिक चुका है और तोड़फोड़ करके नया घर बन चुका है। अब सीबीआइ इस गुत्थी को किस तरह से सुलझाएगी, यह आने वाला समय ही बताएगा।