Ludhiana News: सड़क किनारे सो रहे बेघर युवक को अज्ञात वाहन चालक ने कुचला, अन्य दो हादसों में दो घायल
Ludhiana News विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपित वाहन चालकों के खिलाफ तीन केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
लुधियाना, जागरण संवाददाता। विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपित वाहन चालकों के खिलाफ तीन केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
थाना मोती नगर पुलिस ने हरगोबिंद नगर निवासी सरवेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि वो ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में चाय की रेहड़ी लगाता है। वहां एक भिखारी टाइप का व्यक्ति घूमता रहता था।
सोते समय कुचल
जो अकसर सड़क पर ही पड़ा रहता था। 19 मार्च की सुबह जब वो वहां पहुंचा तो देखा कि उक्त अज्ञात व्यक्ति सड़क पर मरा पड़ा था। किसी अज्ञात वाहन ने रात के समय उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
दूसरा सड़क हादसा
थाना मोती नगर पुलिस ने ताजपुर रोड के गीता नगर निवासी विजय कुमार की शिकायत पर गाड़ी नंबर पीबी 27जी 9196 के अज्ञात चालक पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि उसकी भतीजी आरती का पति नीरज कुमार (33) 19 मार्च को जीरकपुर के स्वास्तिक विहार से अपने मोटरसाइकिल पर लुधियाना आ रहा था। जमालपुर चौक स्थित ट्रैफिक सिग्नल पर उक्त गाड़ी ने उसके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में घायल नीरज को सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीसरा सड़क हादसा
थाना टिब्बा पुलिस ने डाबा के कबीर नगर निवासी सुनील कुमार जैन की शिकायत पर टाटा-407 नंबर पीबी 08 ईई 2762 के अज्ञात चालक पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 18 मार्च को वो फैक्ट्री से छुट्टी करने के बाद बस्ती जोधेवाल चौक में खड़ा होकर ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान सामने से आए उक्त टेंपाे ने उसे जबरदस्त टक्कर मार कर गिरा दिया। जिससे वो घायल हो गया। इलाज के लिए उसे सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।