लुधियाना के ग्यासपुरा में खुला गटर दे रहा मौत को निमंत्रण, इलाकावासी परेशान
लुधियाना के ग्यासपुरा के शांतिनगर में सडक के बीचो बीच खुला गटर है जिससे कभी भी एक बड़ी घटना घट सकती है। लोगों का यहां से निकलना मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
लुधियाना, जेएनएन। शहर के वार्ड नंबर-30 ग्यासपुरा के शांतिनगर में सडक के बीचो बीच खुला गटर है, जिससे कभी भी एक बड़ी घटना घट सकती है। संबंधित विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि वाहन चलाते समय जरा भी असावधानी होती है, तो लोगों को चोटिल होना पड़ सकता है। जिस स्थाप पर गटर खुला हुआ है, उसके बगल से कई दुकाने हैं। जहां पर आने वाले ग्राहक अपने वाहन उसी गटर के इर्द-गिर्द खडे कर देते हैं। इस वजह से यहां से निकलना और भी मुश्किल हो जाता है।
बता दें कि ग्यासपुरा बिजली दफ्तर रोड का कार्य निर्माणाधीन है। ऐसे में यहां से दिनभर दो पहिया, चार पहिया वाहन चालक इस मार्ग से निकलते हैं। लेकिन रोड के बीचों-बीच खुला गटर का ढक्कन मौत को निमंत्रण दे रहा है। जिससे कभी भी बड़ा हादसा घटित हो सकता है। इसस पहले भी कई बार इस मार्ग पर चार पहिया फंस चुके हैं, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
रात के समय भारी दिक्कत
विदित हो दिन में तो जैसे तैसे लोग खुला गटर को देखकर बगल से अपना वाहन निकाल लेते है , लेकिन रात के समय दो पहिया वाहन चालको, चार पहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियो का सामना करना पड़ता है। विदित हो कि रात के समय यदि कोई वाहन खुले गटर मे फंस जाए तो हादसा घटित हो सकता है, लोगों को असमय ही परेशानी उठानी पड सकती है। स्थानीय प्रशासन सब कुछ जानते हुए भी अनजान बना रहना चाहता है। जिसके कारण ही नगर की सड़कों और नालियों का यह हाल हो गया है। लोगों का कहना है कि वे अक्सर हादसे का शिकार हो रहे हैं।
समाजसेवी प्रमोद चौबे, डा. हीरालाल,विजय शंकर गोस्वामी, सुरेश अग्रवाल, कविता देवी, महंगू राम यादव, गायक मुकेश कुमार आदि ने नगर निगम से मांग की है कि सडक़ के बीचों के नाली के खुले गटर के गढ्ढे को बंद करवाया जाए। ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा घटित नही हो सके।
ग्यासपुरा खाल की सडक़ का भी यही हाल
इसी तरह ग्यासपुरा खाल की तरफ से जाने वाले वाले मार्ग का भी यही हाल हैं। इस रास्ते में 6 गटर हैं, जिसमें से 5 गटर के ढक्कन गायब हैं। प्रतिदिन उस मार्ग पर हादसा घटित होता रहता है। इलाकावासी व प्रमुख समाजसेवी शिवजी यादव ने नगर निगम से बार-बार मांग की है कि उक्त गटर के ढक्कन को लगाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की यहां से निकलने में असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। नगर निगम के जेई अवनीत सिंह ने इस बारे में कहा कि हम इस कार्य को अविलंब ठीक करवाएंगे।