फ्लैट खाली कराने को निगम ने मांगी पुलिस, आज हो सकती है कार्रवाई
ग्यासपुरा के खाली प्लॉटों पर कुछ लोगों ने कब्जा कर दिया। नगर निगम के सर्वे में 241 फ्लैट ऐसे में मिले जिन पर अवैध तरीके से लोग रह रहे हैं।
जागरण संवाददाता, लुधियाना
ग्यासपुरा के खाली प्लॉटों पर कुछ लोगों ने कब्जा कर दिया। नगर निगम के सर्वे में 241 फ्लैट ऐसे में मिले जिन पर अवैध तरीके से लोग रह रहे हैं। निगम ने उन्हें खाली करने के नोटिस दे दिए लेकिन वह खाली करने को तैयार नहीं हैं। इसके बाद निगम ने जबरदस्ती फ्लैट खाली करवाने की कोशिश की तो कब्जाधारियों ने उनके साथ धक्कामुक्की तक कर दी। अब नगर निगम ने पुलिस प्रशासन से वीरवार के लिए फोर्स मांगी है ताकि फ्लैटों को खाली करवाया जा सके।
नगर निगम की तरफ से कुछ वर्ष पूर्व झुग्गी वालों को ग्यासपुरा के फ्लैटों में शिफ्ट किया गया था। इस दौरान कई लोगों ने बिना अलॉटमेंट के ही फ्लैटों पर कब्जे कर दिए। पहले नगर निगम इस तरफ ध्यान नहीं दिया लेकिन अब जब जगराओं पुल के कब्जाधारियों को ग्यासुपरा के फ्लैट्स में शिफ्ट करने की नौबत आई तो निगम ने वहां सर्वे करवाया। सर्वे के दौरान 241 फ्लैट कब्जे में पाए गए। निगम अधिकारियों का कहना है कि इन सभी कब्जाधारियों को नोटिस दिए जा चुके हैं। उसके बाद भी इन्होंने खाली नहीं किए। अब वीरवार को पुलिस बल के साथ कार्रवाई की जाएगी। जगराओं पुल के कब्जाधारियों की अदालत में सुनवाई आज
नगर निगम की तरफ से जगराओं पुल के नीचे कब्जा करके बैठे लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। लेकिन सियासी हस्तक्षेप की वजह से खाली करवाने का मामला लटकता रहा। मंगलवार को कब्जाधारियों ने कोर्ट में याचिका दायर कर दी। वीरवार को उनकी याचिका पर सुनवाई होगी। अब देखना होगा कि निगम अफसर कितनी मजबूती के साथ कोर्ट में अपना पक्ष रख पाते हैं।