Ludhiana 700 Crore GST Scam: दुबई में बैठे युवक के नाम पर बनाई फर्जी कंपनियां, रेहड़ी वाले के नाम पर चल रहा था गाेरखधंधा
Ludhiana GST Scam खन्ना के रहने वाले विनोद कुमार अमलोह रोड पर चिकन सूप की रेहड़ी लगाता है। उसके नाम पर फर्जी फर्म बनाकर आरोपित उसे हर महीने कुछ पेमेंट ...और पढ़ें

लुधियाना, जेएनएन। Ludhiana GST Scam: पंजाब में 700 करोड़ रुपये की बोगस बिलिंग (Bogus Billing) मामले में विभाग अभी पूरी जानकारी देने से बच रहा। कई ऐसी परतें हैं जिन्हें विभाग ने पर्दे के पीछे ही रखा है। अभी तक की जांच में एक ऐसा युवक भी सामने आया है कि जो विदेश में रहता है लेकिन उसके नाम से फर्जी कंपनियां बनाकर आरोपित बोगस बिलिंग कर रहे थे। आरोपित सूप की रेहड़ी लगाने वाले विनोद कुमार के नाम पर भी फर्जी कंपनी चला रहे थे।
विदेश में रहने वाला युवक दुबई में रहता है। वह लाकडाउन के बाद से अब तक भारत नहीं आया है। जीएसटी विभाग का नोटिस मिलने पर वह विभाग के जालंधर स्थित कार्यालय में पेश हुआ। उसने विभाग को बताया कि आरोपितों ने उससे कागजात लिए थे। उन्हीं कागजात के आधार पर उन्होंने फर्जी कंपनियां बनाकर करोड़ों रुपये के बोगस बिल काट दिए हैं। परतें खुलने के साथ ही अधिकारियों को पूरा नेटवर्क समझ आ गया। बता दें कि इस मामले में आम आदमी पार्टी के नेता मनिंदर शर्मा उर्फ मनी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें-लुधियाना में CGST की रेड, 700 करोड़ की बोगस बिलिंग में 122 Crore की टैक्स चाेरी; AAP नेता सहित पांच गिरफ्तार
सूप की रेहड़ी वाला भी आरोपित
विनोद कुमार अमलोह रोड पर चिकन सूप की रेहड़ी लगाता है। उसके नाम पर फर्जी फर्म बनाकर आरोपित उसे हर महीने कुछ पेमेंट देते थे। जरूरत पड़ने पर उसके हस्ताक्षर भी करवाए जाते थे। पूछताछ में उसने माना कि आरोपितों ने कापर स्क्रैप और होजरी की फर्जी कंपनियां पंजाब और दूसरे राज्यों में बनाई थीं। आरोपित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
मनी को कांग्रेस से नहीं मिली टिकट तो आप से लड़ा चुनाव
मामले का मुख्य आरोपित मनिंदर शर्मा उर्फ मनी है। रेलवे लाइन पार ललहेड़ी रोड की नंदी कालोनी में रहने वाले मनी का नाम लाकडाउन में चर्चा में आया था। उसने लोगों को सैनिटाइजर बांटे और फिर कांग्रेस नेताओं के साथ नजदीकी भी बढ़ाई। वह खुद को वार्ड छह से कांग्रेस का इंचार्ज भी बताने लगा था। उसने सरकार से आना वाला राशन भी लोगों को खूब बांटा।
नगर कौंसिल चुनाव में जब उसे वार्ड छह से कांग्रेस ने टिकट नहीं दी तो उसने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। आप की टिकट पर उसने पार्षद का चुनाव लड़ा। चुनाव में कांग्रेस की जीत हुई और वह तीसरे स्थान पर रहा। मनिंदर शर्मा की कांग्रेस और आप नेताओं के साथ फोटो खूब वायरल हो रही है।
बोगस बिलिंग से सरकार को 700 करोड़ का चूना
शनिवार को सेंट्रल गुड्स एंड सर्विस टैक्स (CGST) की नौ टीमों ने लुधियाना के खन्ना में रेड की थी। इस दौरान पांच लोगों को कर चोरी के मामले में पकड़ा गया है। इनमें आम आदमी पार्टी के टिकट पर पिछले महीने ही खन्ना नगर कौंसिल चुनाव लड़ने वाला मनिंदर शर्मा भी शामिल है। विभाग के अनुसार कुल 700 करोड़ की बोगस बिलिंग इस गिरोह के सदस्यों ने की है। सभी को जेल भेज दिया गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।