लुधियाना में गवर्नमेंट स्कूल टीचर्स यूनियन की मांग, रिहायशों के नजदीक लगाई जाए चुनावी ड्यूटी
लुधियाना में गवर्नमेंट स्कूल टीचर्स यूनियन ने चुनावी ड्यूटी लगाए गए स्टाफ की ड्यूटी उनके रिहायशों के नजदीक लगाए जाने की मांग की है। यूनियन के सदस्यों ने कहा है कि चुनाव वाले दिन देर रात तक महिला कर्मचारियों को बड़े स्तर पर समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में गवर्नमेंट स्कूल टीचर्स यूनियन ने चुनावी ड्यूटी लगाए गए स्टाफ की ड्यूटी उनके रिहायशों के नजदीक लगाए जाने की मांग की है। यूनियन के राज्य प्रधान सुरिंदर कुमार, जनरल सेक्रेटरी बलकार वलटोहा ने कहा कि चुनाव सबंधी सभी कार्य सुचारू ढंग से हो सके, इसलिए ड्यूटी उनके घरों के नजदीक या फिर पोस्टिंग स्थान के नजदीक लगाई जाए। विशेषकर महिला कर्मचारियों की ड्यूटी नजदीकी सेंटर पर लगाई जाए।
यूनियन के सदस्यों ने कहा है कि पिछले समय में देखा गया है कि चुनावों से एक दिन पहले और चुनाव वाले दिन देर रात तक महिला कर्मचारियों को बड़े स्तर पर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पिछले समय दौरान लगातार यह भी देखने में आया है कि अधिकारी व कर्मचारी पूरी ईमानदारी के साथ अपनी चुनावी ड्यूटी निभाते हैं, इसलिए कर्मचारियों को बेवजह परेशान न किया जाए। वहीं पुरूष मुलाजिमों की ड्यूटी पहल के आधार पर लगाई जाए, महिला कर्मचारियों को इससे छूट दी जाए।
बीमारी से पीड़ित, गर्भवती महिला कर्मचारियों, एक साल से छोटे बच्चों वाली महिला कर्मचारियों, सेवा मुक्ति में एक साल से कम समय रहने वाले कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी में छूट दी जाए। इसी के साथ चुनाव ड्यूटी पर तैनात दस्ते की सुरक्षा यकीनी बनाई जाए। वहीं पोलिंग पार्टियों को पोलिंग स्टेशन पर छोड़ने और वापिस लेकर आने वाली बसों का प्रबंध यकीनी बनाया जाए। इसके अलावा चुनाव वाले दिन चुनाव सामग्री जमा कराने के बाद रात के समय कर्मचारियों की घर वापिसी के लिए जिले के विभिन्न रूटों पर बसें चलाई जाए। चुनावी स्टाफ का वेतन पुोलिंग वाले दिन ही मौके पर ही संबंधित सुपरवाइजर द्वारा नकद देना यकीनी बनाया जाए।