मेयर, डीसी व कमिश्नर को कूड़े के डंप पर लंच करने का दिया निमंत्रण
लुधियाना : नगर निगम ने बस स्टैंड फ्लाई ओवर के नीचे बने कूड़ा डंप को चतरसिंह पार्क में शिफ्ट कर दिया। सामाजिक कार्यकर्ता गुरपाल सिंह अकेले ही निगम के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं।
जासं, लुधियाना : नगर निगम ने बस स्टैंड फ्लाई ओवर के नीचे बने कूड़ा डंप को चतरसिंह पार्क में शिफ्ट कर दिया। सामाजिक कार्यकर्ता गुरपाल सिंह अकेले ही निगम के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। वीरवार को गुरपाल ने डिप्टी कमिश्नर, निगम कमिश्नर, मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर को चतरसिंह पार्क में शिफ्ट किए गए कूड़ा डंप पर लंच के लिए आमंत्रित किया। गुरपाल के निमंत्रण पर कोई भी अफसर वहां लंच करने नहीं पहुंचा। उसके बाद गुरपाल वहीं धरने पर बैठ गए। बाद में स्थानीय पार्षद हरभजन सिंह डंग ने गुरपाल को भरोसा दिया कि वह इस मामले में निगम कमिश्नर से मिलेंगे। देर शाम वह अपने दो बच्चों को लेकर फिर वहां धरने पर बैठे और अफसरों को कहा कि जब तक यहां से कूड़ा डंप नहीं हटाया जाता वे रोजना दिन में दो घंटे के लिए धरने पर बैठते रहेंगे। नगर निगम ने फ्लाई ओवर के नीचे कूड़े का डंप बनाया था। गिल फ्लाई ओवर का एक हिस्सा टूटने के बाद निगम ने सभी पुलों के नीचे से कूड़ा डंप हटाने का फैसला किया। इसके तहत ही बस स्टैंड फ्लाई ओवर के नीचे बने डंप को चतर सिंह पार्क में शिफ्ट कर दिया गया। गुरपाल सिंह को जैसे ही पता चला तो वह इसका विरोध करने में जुट गए। वीरवार को गुरपाल ने सोशल मीडिया के जरिए शहर के डीसी से लेकर मेयर तक सभी को कहा था कि वह चतर सिंह पार्क में आएं और उनके साथ लंच करें। तब सभी को पता चल जाएगा कि पार्क में कूड़ा डंप बनाने का क्या नुकसान है। उन्होंने बताया कि अगर निगम ने यहां से डंप नहीं हटाया तो वह अपना विरोध लगातार जारी रखेंगे। कोटस
मैं दो दिन से बाहर था। मुझे पता नहीं चला कि निगम ने पार्क में कूड़ा डंप शिफ्ट कर दिया। इस संबंध में कमिश्नर को मिलूंगा।
हरभजन सिंह डंग, पार्षद अकाली दल कोट्स
धरने पर बैठने के बजाय लोग निगम दफ्तर में आकर लिखित शिकायत करें। कूड़ा डंप के लिए आसपास जगह देखी जा रही है। जगह फाइनल होने के बाद पार्क में से कूड़ा डंप शिफ्ट कर दिया जाएगा।
जसकिरन सिंह, कमिश्नर, नगर निगम, लुधियाना