कर्ज से परेशान फल विक्रेता ने की खुदकुशी
हैबोवाल चंदर नगर स्थित सब्जी मंडी के अंदर फल विक्रेता ने कर्ज से परेशान होकर संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : हैबोवाल चंदर नगर स्थित सब्जी मंडी के अंदर फल विक्रेता ने कर्ज से परेशान होकर संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। लोगों ने इसकी सूचना उसके परिवार वालों को दी। इसके बाद मामले संबंधी सूचना चौकी जगतपुरी पुलिस को दर्ज करवाई गई। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। जांच अधिकारी एएसआई भजन ¨सह ने बताया कि मृतक अशोक कुमार 35 साल चंदन नगर का रहने वाला था। वह घर के पास ही सब्जी मंडी में फल की रेहड़ी लगाता था। उसकी पत्नी बबली ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके 6 बच्चे हैं। अशोक ने लोगों से कर्ज लिया हुआ था, जिसे वह वापस नहीं कर पा रहा था। इसके कारण वह मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था। शुक्रवार सुबह वह घर के पास स्थित मंडी के प्लाट में गया और वहां जाकर उसने एक पेड़ से परने के सहारे लटक कर खुदकुशी कर ली। मंडी में आए किसी व्यक्ति ने पेड़ से लटका शव देखकर परिवार को सूचित किया। पुलिस ने फिलहाल अशोक की पत्नी बबली के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।