Double Murder in Ludhiana: शराब के नशे में सास और दामाद पर लोहे की राड से हमला, दोनों की दर्दनाक मौत
रवीना के अनुसार 17 सितंबर शनिवार की रात पति रवि अहमद व गोपी ने मिलकर शराब पी। खाना खाने के बाद सब लोग लेट गए। रात करीब 11 बजे रवि टायलेट करने के लिए उठा तो उसकी आरोपितों से बहस हो गई। इसके बाद उस पर हमला कर दिया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। बसंत एवेन्यू स्थित एक वेहड़े में रहने वाले दामाद और सास पर शराब के नशे में लोहे के पाइप और हथौड़े मारकर जानलेवा हमला किया गया। उपचार के दौरान तीन दिन बाद दोनों ने दम तोड़ दिया। अब थाना सदर पुलिस ने मामले में महिला समेत 4 लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। तीनों आरोपित फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि रवि (40) तथा उसकी सास नूरजहां (55) की मौत हुई है। पुलिस ने रवि की पत्नी रवीना के बयान पर उसी बेहड़े में रहने वाले गोपीराम, अहमद, किरण सहित चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है।
रात 11 बजे दोनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
रवीना ने पुलिस को बताया कि पति रवि मजदूरी करता था। आरोपित और वो सब एक ही बेहड़े में किराए पर रहते हैं। गत 17 सितंबर शनिवार की रात रवि, अहमद व गोपी ने मिलकर शराब पी। खाना खाने के बाद सब लोग लेट गए। रात करीब 11 बजे रवि टायलेट करने के लिए उठा। उसी दौरान आरोपितों के साथ उसकी बहस हो गई। मामला गालीगलौज के बाद हाथापाई तक जा पहुंचा। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्साए आरोपितों ने लोहे की पाइप और हथौड़ा उठा कर उसे दौड़ा दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया।
इसी बीच रवि को बचाने के लिए आई उसकी सास नूरजहां को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। हथियारों से हमला करके दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गए। घायल हुए रवि और नूरजहां का दो दिन तक घर में ही उपचार चलता रहा। मंगलवार सुबह दाेनों की हालत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां मंगलवार सुबह 9 बजे नूरजहां और 10 बजे रवि की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें - Ludhiana Municipal Corporation के एक हजार कर्मचारियों की उम्र 42 पार, स्थाई होने पर लग सकता है ग्रहण