विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना पूर्व सरपंच हत्याकांड: जमीनी विवाद में चचेरे भाई ने कराई हत्या, शूटरों को पैसे देकर चलवाई गोलियां

Published: Mon, 05 Oct 2026 06:00 AM (IST)

पुलिस ने लुधियाना के मानेवाल गांव में पूर्व सरपंच नवतेज सिंह की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है, जिसमें दशकों ...और पढ़ें

लुधियाना पूर्व सरपंच की हत्या का खुलासा। फाइल फोटो

लुधियाना पूर्व सरपंच की हत्या का खुलासा। फाइल फोटो


HighLights

  1. पूर्व सरपंच नवतेज सिंह की हत्या का मामला सुलझा।

  2. 78 एकड़ पैतृक जमीन विवाद हत्या का कारण।

  3. चचेरे भाई ने सुपारी देकर शूटरों से हत्या करवाई।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। गांव मानेवाल में शनिवार शाम हुई पूर्व सरपंच नवतेज सिंह की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में सामने आया है कि हत्याकांड के पीछे कोई राजनीतिक रंजिश नहीं, बल्कि 78 एकड़ पैतृक जमीन को लेकर दो परिवारों के बीच दशकों से चला आ रहा विवाद था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद में चचेरे भाई ने साजिश रची और सुपारी देकर शूटरों से नवतेज सिंह की हत्या करवाई।

थाना लाडोवाल की पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि दोनों परिवारों के दादा सगे भाई थे। समय के साथ पैतृक जमीन का बंटवारा हुआ, जिसमें एक परिवार के हिस्से करीब 34 एकड़ और दूसरे के पास 44 एकड़ जमीन आई। नवतेज और उसके चचेरे भाई दोनों परिवारों की जमीनें साथ-साथ हैं।

जमीन के बंटवारे और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला स्थानीय अदालतों से लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है। पुलिस को जांच के दौरान दोनों पक्षों के बीच पहले हुए टकराव और धमकियों की जानकारी भी मिली है।

पुलिस ने विरोधी परिवार के मुखिया समेत सात लोगों को नामजद किया है। सभी आरोपित फिलहाल फरार हैं और पुलिस ने उनकी तलाश में छह विशेष टीमें गठित की हैं।

बाडी में मिली आठ गोलियां, गाड़ी पर कई लगी

सूत्र बताते हैं कि करीब दो घंटे तक नवतेज का पोस्टमार्टम चला। पोस्टमार्टम के दौरान पांच गोलियां तो पेट से लेकर छाती तक के हिस्से में से मिल गईं, लेकिन बाकी तीन गोलियां मिल नहीं रही थीं, जिसके लिए दोबारा नवतेज के शव का एक्सरे करवाया गया। इसके अलावा गाड़ी से भी कई गोलियों के खोल निकाले गए हैं।

डैशकैम फुटेज से मिला सबसे अहम सुराग

नवतेज सिंह की इनोवा कार में लगा डैशकैम सबसे अहम सुराग साबित हुआ। फुटेज में बाइक सवार दो युवक दिखाई दे रहे हैं। इनमें पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर कार के ड्राइवर साइड पर फायरिंग की थी। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक फुटेज के आधार पर एक शूटर की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस अब हत्या की साजिश की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि शूटरों से संपर्क किसने किया और उन्हें हत्या के लिए कितनी रकम दी गई थी। इसके साथ ही हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति और शूटरों के फारवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने .32 बोर की आटोमैटिक पिस्टल से फायरिंग की थी।

बेटा साथ नहीं गया, अकेले लौट रहे थे नवतेज

जांच में सामने आया कि नवतेज सिंह शनिवार शाम मानेवाल स्थित अपनी करीब 30 से 35 एकड़ जमीन पर कामकाज देखने गए थे। आमतौर पर उनका वकील बेटा भी उनके साथ जाता था, लेकिन शनिवार को वह साथ नहीं गया। नवतेज सिंह अकेले इनोवा कार से कृष्णा नगर स्थित अपने घर लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक इसी दौरान हमलावरों ने उनकी रेकी कर उनका पीछा किया और लाडोवाल टोल प्लाजा पार करने के बाद जब नवतेज की कार साउथ सिटी रोड की तरफ बढ़ी तो पंजाब फूड आफिस के पास उन पर कई राउंड फायर कर दिए, जिसमें उनकी मौत हो गई।