लुधियाना में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई बैठक में खूनी संघर्ष, पति ने पत्नी और दो बच्चों समेत 4 को किया घायल
लुधियाना के संगोवाल में पति-पत्नी के घरेलू विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। ...और पढ़ें

HighLights
लुधियाना में घरेलू विवाद सुलझाने की बैठक हिंसक हुई।
पति ने धारदार हथियारों से पत्नी, बच्चों और नाना पर हमला किया।
हमले में चार लोग घायल, छह साल का बच्चा वेंटिलेटर पर।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के संगोवाल इलाके में पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई बैठक उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई, जब गुस्से में आए पति ने अपने ही परिवार के लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए एसपीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में छह साल का बच्चा भी शामिल है, जिसकी हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
धारदार हथियार से किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को खत्म करवाने और दोनों के बीच समझौता कराने के लिए कुछ लोग एक जगह एकत्र हुए थे। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति अचानक भड़क गया। गुस्से में आकर उसने आपा खो दिया और वहां मौजूद अपनी पत्नी, दो बच्चों और बच्चों के नाना पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घायलों में सबसे छोटे बच्चे की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
पुलिस को मिली सूचना, जांच शुरू
चौकी मराडो के एएसआइ तरसेम सिंह के अनुसार, उन्हें घटना की सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि धारदार हथियारों से किए गए हमले में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एसपीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे घरेलू विवाद को मुख्य कारण बताया जा रहा है।
