कल तक मांगें न मानी तो अनिश्चतकालीन हड़ताल
लंबित मांगों के चलते हड़ताल पर चल रहे डीसी ऑफिस कर्मचारी यूनियन ने जिला परिषद व ब्लॉक समिति चुनाव के कार्य करने से इंकार करने का एलान कर दिया है। सर्किट हाउस में शनिवार को यूनियन की प्रदेश स्तरीय बॉडी ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया। उन्होंने साफ कह दिया है कि तीन सितंबर तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
जासं, लुधियाना : लंबित मांगों के चलते हड़ताल पर चल रहे डीसी ऑफिस कर्मचारी यूनियन ने जिला परिषद व ब्लॉक समिति चुनाव के कार्य करने से इंकार करने का एलान कर दिया है। सर्किट हाउस में शनिवार को यूनियन की प्रदेश स्तरीय बॉडी ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया। उन्होंने साफ कह दिया है कि तीन सितंबर तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। वे कामकाज को पूरी तरह ठप रखेंगे। इस दौरान कोई भी वीआइपी ड्यूटी भी नहीं की जाएगी। अगर तब तक सरकार मांगे नहीं मानती तो अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान कर दिया जाएगा। वहीं जिला परिषद व ब्लॉक समिति चुनाव संबधी कोई भी कार्य कर्मचारी नहीं करेंगे।
यूनियन के प्रदेश सचिव जोगिंदर कुमार जीरा ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से डीसी ऑफिस कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे हैं। इस दौरान लोगों की हजारों फाइलें अटकी हुई हैं। रजिस्ट्रीयां नहीं हो पा रही, मैरिज सर्टिफिकेट, जाति व रिहायशी सर्टिफिकेट भी जारी नहीं हो पा रहे। यूनियन पब्लिक को परेशान नहीं करना चाहती पर सरकार कर्मचारियों की सुन ही नहीं रही। एक सप्ताह हो गया है कर्मचारियों को हड़ताल पर गए हुए। इसके बावजूद भी सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। 3 सितंबर तक यूनियन इंतजार करेगी। अगर फिर भी मांगे नहीं मानी जाती तो अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान कर दिया जाएगा। वहीं अगर कर्मियों की हड़ताल लंबी खिंचती है तो इससे जनता भी परेशान होगी। इस दौरान वरिंदर कुमार, प्रितपाल सिंह, अवतार सिंह रंधावा, प्रकाश सिंह गिल, केसर सिंह, कमलदीप सिंह, जगसीर सिंह, तजिंदर सिंह, हरमिंदर सिंह चीमा, दविंदर बावा, रामलाल व रुपिंदर सिंह उपस्थित रहे।