लुधियाना की रमनीक 26 जनवरी को PM माेदी के साथ देखेंगी परेड, कोरोना वैक्सीन को लेकर पूछेंगी सवाल
लुधियाना की छात्रा रमनीक कौर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड दिल्ली के राजपथ पर पीएम बाक्स में प्रधानमंत्री के साथ बैठ कर देखेगी। प्रधानमंत्री से मिलने पर वह उनसे लोगों के मन का सबसे बड़ा सवाल पूछेंगी।
लुधियाना [राधिका कपूर]। शहर की होनहार बेटी रमनीक कौर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड दिल्ली के राजपथ पर पीएम बाक्स में प्रधानमंत्री के साथ बैठ कर देखेगी। रमनीक लुधियाना में ला की प्रैक्टिस कर रही हैं। प्रधानमंत्री से मिलने पर वह उनसे इस वक्त लोगों के मन का सबसे बड़ा सवाल पूछेंगी कि कोविड महामारी से छुटकारा पाने के लिए उन्हें कोरोना की वैक्सीन कब तक मिलेगी। लोग बेसब्री से वैक्सीन का इंतजार कर रहे हैं और लोगों को सरकार से बड़ी उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए रमनीक रोमांचित हैं। उन्हें उस पल का इंतजार है जब वह प्रधानमंत्री के सामने खड़ी होंगी। इसके लिए उन्होंने अभी से तैयारी भी शुरू कर दी है।
रमनीक का चयन देश के उन 50 होनहार छात्रों में किया गया है जिन्हें यह सुनहरा अवसर मिला है। सिविल लाइंस की रहने वाली रमनीक की इस उपलब्धि ने लुधियाना का गौरव बढ़ाया है। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय की ओर से गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के लिए मिले पत्र के बाद परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। रमनीक कहती हैं कि यह हमारे लिए गर्व की बात है। साथ ही यह आगे बढऩे के लिए प्रेरित होने वाला क्षण भी है। वह गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए 25 जनवरी को दिल्ली रवाना होंगी। रमनीक के पिता तेज प्रकाश सिंह इमीग्रेशन कंसलटेंट और मां रविंदर पाल कौर बाल विकास अभियान की प्रोजेक्ट अफसर हैं।
स्कूल से लेकर एलएलबी तक किया टाप
रमनीक बहुत होनहार छात्रा हैं। लुधियाना के सिविल लाइंस स्थित कुंदन विद्या मंदिर स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की है। हर कक्षा में वह स्कूल की टापर रही हैं। बाद में पंजाब यूनिवर्सिटी से एलएलबी के दौरान भी सभी सेमेस्टर में भी टाप किया है। एलएलबी के तीन सेमेस्टर चंडीगढ़ और तीन सेमेस्टर यूनिवर्सिटी के लुधियाना स्थित रीजनल सेंटर से पूरे किए हैं। फिलहाल रमनीक प्रेक्टिस कर रही हैं।
कोविड के कारण अकेली जाएंगी
कोविड के कारण रमनीक गणतंत्र दिवस समारोह के लिए अकेली जाएंगी। परेड के दौरान पीएम बाक्स में बैठना किसी बड़े सपने के साकार होने से कम होने वाली बात नहीं है। इस दौरान परिवार साथ होता तो खुशी दोगुना हो जाती। कोरोना वायरस के कारण उन्होंने अकेले जाने का फैसला किया है।
कैसे होता है चयन
गणतंत्र दिवस परेड के दौरान पीएम बाक्स में बैठने के लिए देश के 50 होनहार छात्रों का चयन मानव विकास मंत्रालय करता है। सभी स्कूलों और यूनिवर्सिटी से उनके मैरिटोरियस छात्रों का ब्योरा मंगवाया जाता है। मंत्रालय उसमें से 50 होनहारों का चयन करता है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें