जेल से छुट्टी पर गया कैदी फरार
नशा तस्करी के आरोप में सजा काट रहा कैदी छुट्टी पर गया तो फरार हो गया। हाल ही में हरियाणा की कुरुक्षेत्र पुलिस ने उसे फिर से नशा तस्करी के आरोप में काबू करके जेल भेजा है।
जासं, लुधियाना
नशा तस्करी के आरोप में सजा काट रहा कैदी छुट्टी पर गया तो फरार हो गया। हाल ही में हरियाणा की कुरुक्षेत्र पुलिस ने उसे फिर से नशा तस्करी के आरोप में काबू करके जेल भेजा है। जिसके बाद स्थानीय सेंट्रल जेल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू की है।
हवलदार हरमेश लाल ने बताया कि आरोपित की पहचान गांव भूखड़ी कलां निवासी कुलविदर सिंह के रूप में हुई। नशा तस्करी के आरोप साबित होने पर अदालत ने उसे 12 साल की सजा सुनाई थी, जिसके चलते वो जेल में सजा काट रहा था। 2016 में उसे तीन हफ्ते के लिए जमानत देकर छुट्टी पर घर भेजा गया। मगर वहां से वो फरार हो गया। मामले में जेल प्रशासन ने 27 फरवरी 2019 में उसके खिलाफ केस दर्ज करने के लिए पुलिस को शिकायत भेजी। जिस पर मंगलवार उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया। हरमेश लाल ने बताया कि हाल ही में पता चला कि है कि हरियाणा पुलिस ने उसे फिर से नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। अब अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल करके उसे हरियाणा से लाया जाएगा।