भाजपाइयों ने रखा उपवास, सांसद बाधित रहने पर कांग्रेस को कोसा
23 दिन तक संसद बाधित रहने का जिम्मा कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों पर डालते हुए भाजपाइयों ने एक दिन के उपवास व धरने का आयोजन मिनी सचिवालय परिसर के बाहर किया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : 23 दिन तक संसद बाधित रहने का जिम्मा कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों पर डालते हुए भाजपाइयों ने एक दिन के उपवास व धरने का आयोजन मिनी सचिवालय परिसर के बाहर किया। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक चले इस धरने के दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष रविंदर अरोड़ा, प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर राजिंदर भंडारी, पूर्व सेहत मंत्री सतपाल गोसाई, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन डॉ. सुभाष वर्मा, पूर्व मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया, शिरोमणि अकाली दल के जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह ढिल्लों, पूर्व कैबिनेट मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों, शिअद यूथ नेता गुरदीप सिंह गोशा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष रविंदर अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए वह बात रखने व सुनने से भाग रही है। यही वजह है कि इस बार 23 दिन तक संसद बाधित रही, जिसके चलते करोड़ों रुपये का आर्थिक बोझ तो देश पर पड़ा ही वहीं बहुत से प्रमुख प्रस्तावों पर संवाद ही नहीं हो सका। प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता व प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली है। न संसद चलने दे रही है न ही लोकहित की बात कर रही है। ऐसे में भाजपा अनशन के जरिए लोगो को चेताना चाहती है कि वह इसके प्रति जागरूक हो। शिअद के जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस न केंद्र में लोकहित की बात कर रही है न प्रदेश में। चुनावी वादों से भागना इसका जीता जागता सबूत है। मिनी सचिवालय परिसर के बाहर धरना स्थल पर लगाए शामियाने के चारों तरफ भाजपा की ओर से बैनर लगाए गए थे। प्रदर्शन में संजय कपूर, राजेश्वरी गोसाई, शक्ति शर्मा, पूर्व डिप्टी मेयर आरडी शर्मा, अरुणेश मिश्रा, सुखविंदर सिंह ग्रेवाल, रविंदर कपलिश, मीडिया प्रमुख डॉ. सतीश कुमार उपस्थित रहे।