लुधियाना में AAP विधायक ने ट्रक ड्राइवर को जड़ा थप्पड़, CCTV फुटेज वायरल होते ही मचा बवाल
लुधियाना में आम आदमी पार्टी की विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने एक ट्रक चालक को थप्पड़ मार दिया, जिसका सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया है।
HighLights
AAP विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारा
घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ
थप्पड़ मारने के विरोध में ट्रक चालकों ने धरना प्रदर्शन किया
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में आम आदमी पार्टी की दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजिंदरपाल कौर छीना का ट्रक चालक को थप्पड़ मारने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना सोमवार दोपहर डाबा रोड की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
जानकारी के अनुसार, डाबा रोड से एक ट्रक निकल रहा था। इसी दौरान पीछे से विधायक की कार वहां पहुंची। ट्रक सड़क पर खड़ा होने के कारण विधायक की गाड़ी को निकलने में परेशानी हुई।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर विधायक और ट्रक चालक के बीच विवाद हो गया। विधायक ने ट्रक रुकवाकर चालक को नीचे बुलाया। चालक के नीचे उतरते ही विधायक ने उसे थप्पड़ मार दिया।
ट्रक ड्राइवर के साथियों ने लगाया धरना
घटना के बाद ट्रक चालक और उसके साथियों ने विधायक के खिलाफ धरना लगा दिया। चालक का कहना है कि उसे पता ही नहीं चला कि पीछे से विधायक की गाड़ी आ रही थी। उसका आरोप है कि विधायक ने नीचे उतरते ही उसे धमकाना शुरू कर दिया। चालक ने मामले की शिकायत थाना डाबा पुलिस को दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
वायरल वीडियो में महिला विधायक कार से उतरकर ट्रक के पास जाती दिखाई दे रही हैं। इसके बाद ट्रक का दरवाजा खुलवाकर चालक को नीचे बुलाया जाता है। चालक के नीचे उतरने के बाद विधायक उसे थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं। घटना के दौरान विधायक के साथ उनके गनमैन भी मौजूद थे।
— hema sharma nainwal (@Hemanainwal) September 15, 2026
वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज को लेकर विधायक की ओर से भी अपना पक्ष सामने रखा गया है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद विधायक और ट्रक चालक के पक्ष में अलग-अलग दावे सामने आने से मामला तूल पकड़ गया है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में मौत से ठीक पहले लिखी दो वसीयतों पर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला! 26 साल पुराना संपत्ति विवाद खारिज
