लुधियाना के काराेबारी का शादी का सपना टूटा, 'लुटेरी दुल्हन' लाखों का चूना लगाकर फरार; पहले कर चुकी है 2 शादियां
औद्याेगिक नगरी में एक काराेबारी काे लुटेरी दुल्हन ने अपना शिकार बनाया है। हाेजरी कारोबारी काे साथ शादी का झांसा देकर आस्ट्रेलिया ले जाने का कहकर लुटेरी दुल्हन लाखों रुपये का चूना लगा गई। पुलिस ने आराेपित की तलाश शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। शहर के एक हाेजरी कारोबारी के शादी का अरमान अधूरा ही रह गया। जिस दुल्हन से वह शादी कर विदेश जाने का सपना देख रहा था वह उसे लाखाें रुपये का चूना लगाकर फरार हाे गई। महिला ने काराेबारी काे शादी कर आस्ट्रेलिया ले जाने का झांसा दिया था। अब थाना दरेसी पुलिस ने दुल्हन समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू की है। आराेपित महिला की पहचान गोराया के रुड़का रोड निवासी निधि, जालंधर के गांव बोपाराय निवासी परमजीत लाल तथा गोराया के पक्का दरवाजा गांव पत्ती निवासी सतविंदर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने काराबारा रोड नानक नगर की गली नंबर 3 निवासी विक्की कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया। 8 मार्च 2022 में पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में उसने बताया कि उसका हाेजरी कारोबार है। एक बिचौलन के जरिये 27 फरवरी 2022 में उसका रिश्ता निधि के साथ हुआ था। परमजीत ने खुद को निधि का मामा बताया। जबकि सतविंदर उसका भाई बना था।
निधि ने बताया कि वह आस्ट्रेलिया की नागरिक है और उसकी यह पहली शादी है। वह शादी करके उसे अपने साथ आस्ट्रेलिया ले जाएगी। उस समय विक्की और उसके परिवार ने उसके दस्तावेज चेक नहीं किए। उनकी बातों में आकर आस्ट्रेलिया के दस्तावेज तैयार करने के लिए विक्की ने उन्हें 5.70 लाख रुपये दे दिए। यह राशि सतविंदर सिंह के अकाउंट में डाले गए थे। मगर 1 मार्च को ही उसे पता चला कि उसके साथ दगाबाजी हुई है।
फरीदकोट के दो परिवारों काे गैंग बना चुका है शिकार
दरअसल निधि, परमजीत, सतविंदर तथा निधि के पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला गैंग के रूप में काम करते थे। विक्की से पहले यह गैंग फरीदकोट के दो परिवारों से 13 लाख तथा 2.70 लाख रुपये लूट चुका था। उन लोगों ने भी गैंग के खिलाफ पुलिस के पास शिकायत दे रखी थी। इस बार जब यह गैंग विक्की से रिश्ता करने के लिए आया तो उन्होंने निधि की उस पड़ोसन को साथ नहीं लिया।
इस बात का पता चलते ही वह महिला विक्की के पास पहुंची। उसी ने गैंग के सदस्यों का कच्चा चिट्ठा खोलकर उनका भंडाफोड़ दिया। उसी से पता चला कि निधि आस्ट्रेलिया से डिपाेर्ट हुई थी। उसकी दो शादियां हो चुकी हैं, जिनसे उसके दो बच्चे भी हैं।