लुधियाना में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लोक इंसाफ पार्टी ने कसी कमर, युवाओं पर रखा फोकस
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लोक इंसाफ पार्टी युवाओं पर फोकस कर रही है। लोक इंसाफ पार्टी स्कूलों कालेजों एवं विश्वविद्यालयों में अपने यूनिट बनाने की कवायद में हैं। इसके अलावा जमीनी स्तर पर पार्टी के साथ युवाओं को जोड़ा रहा है।
लुधियाना, जेएनएन। पंजाब में वर्ष 2022 के शुरू में ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लोक इंसाफ पार्टी युवाओं पर फोकस कर रही है। लोक इंसाफ पार्टी स्कूलों, कालेजों एवं विश्वविद्यालयों में अपने यूनिट बनाने की कवायद में हैं। इसके अलावा जमीनी स्तर पर पार्टी के साथ युवाओं को जोड़ा रहा है। इसके साथ ही संगठनात्मक ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में युवा विंग में कई नए पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं।
लोक इंसाफ पार्टी के यूथ विंग के नवनियुक्त प्रधान गगनदीप सिंह एवं सूबा प्रधान हरजाप सिंह गिल को पार्टी के मुख्य दफ्तर में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पार्टी प्रधान एवं हलका आत्मनगर से विधायक सिमरजीत सिंह बैंस एवं सरप्रस्त एवं लुधियाना दक्षिण से विधायक बलविंदर सिंह बैंस खास तौर पर मौजूद थे। इस मौके पर बैंस ने कहा कि युवा हर पार्टी की रीढ़ होते हैं। ऐसे में पार्टी युवाओं पर खास फोकस कर रही है। उन्होंने कहा कि लोक इंसाफ पार्टी पंजाब को उसके हक दिलाने व सिस्टम को भ्रष्टाचार मुक्त कराने के लिए वचनबद्ध है।
गगनदीप सिंह ने कहा कि पार्टी में अधिक से अधिक युवाओं को शामिल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। हर स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए काम किया जा रहा है। पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाया जा रहा है। गगनदीप ने कहा कि पार्टी का युवा विंग विद्यार्थियों के चुनावों में भी हिस्सा लेगा। बैंस ने गगनदीप व हरजाप को सिरोपा पहना कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बलदेव सिंह, राजेश खोखर, गुरजोध सिंह, अर्जुन सिंह चीमा, सिकंदर सिंह, कुलदीप सिंह, सतनाम सिंह, दलजीत सिंह, कुलतेज सिंह, हरजीत सिंह, हरपाल सिंह, जगदीप सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें