यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मंचूरियन रोल में निकली छिपकली, लुधियाना के दुकानदार ने मोबाइल टार्च की लाइट में बनाए थे रोल
राजगुरु नगर के दिलप्रीत सिंह ने तीन एग मंचूरियन और नूडल्स रोल मंगवाए थे। उनके अलावा पत्नी बेटे और मां ...और पढ़ें

लुधियाना, जेएनएन। यहां घर से बाहर खाने के चक्कर में एक परिवार की जान मुश्किल में पड़ गई। बीआरएस नगर के जे ब्लाक स्थित चंदन चिकन रोल की दुकान से शुक्रवार रात को राजगुरु नगर मंगवाए एग मंचूरियन व नूडल्स रोल में छिपकली निकली। यह रोल खाने के बाद दो लोगों को पेट दर्द की शिकायत पर अस्तपाल ले जाना पड़ा। शनिवार को पीड़ित परिवार ने संबंधित दुकानदार की शिकायत जिला स्वास्थ्य अधिकारी के पास की है।
राजगुरु नगर के दिलप्रीत सिंह ने शिकायत में बताया कि उन्होंने तीन एग मंचूरियन और नूडल्स रोल मंगवाए थे। उनके अलावा, पत्नी, बेटे और मां ने भी ये रोल खाए। दिलप्रीत ने आरोप लगाया कि जैसे ही उन्होंने मंचूरियन रोल खाना शुरू किया, उसमें उन्हें छिपकली दिखी। उन्होंने इसकी जानकारी मोहल्ले के लोगों और पीसीआर मुलाजिमों को दी। इसके कुछ समय बाद ही उसकी पत्नी व बेटे के पेट में दर्द शुरू हो गया। उन्हें अग्र नगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार व दवाइयां देने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि जब इस बारे में बवाल बढ़ गया तो दुकान के मालिक ने अपनी गलती मान ली। उसने बताया कि बिजली गुल होने के कारण उसने मोबाइल टार्च की रोशनी में रोल तैयार किए थे। हो सकता है कि इस बीच छिपकली गलती से इसमें चली गई हो। इसके बाद से दुकान के मालिक का मोबाइल नंबर बंद है। उससे संपर्क नहीं हो पाया है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी बोले- कार्रवाई होगी
शनिवार सुबह पीड़ित परिवार के सदस्य शिकायत देने सराभा नगर थाने में पहुंचे। वहां से उन्हें बताया गया कि यह मामला सेहत विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसके बाद उन्होंने जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. राजेश गर्ग से इस मामले की शिकायत की है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. राजेश गर्ग का कहना है कि उनके पास शिकायत आई है। सोमवार को इस पर कार्रवाई की जाएगी।
