Live Ludhiana Coronavirus Update: 29 नए केस मिले, 83 साल के बुजुर्ग की मौत
Live Ludhiana Coronavirus Update कोरोना से जान गंवाने वाले बुजुर्ग को 27 जून को निमोनिया सांस लेने में तकलीफ फीवर की शिकायत के साथ भर्ती करवाया गया था।
लुधियाना, जेएनएन। शनिवार को जिले में कोरोना के 29 नए मामले सामने आए हैं। ताजा मामलों में से नौ अकेले जगराओं सिविल अस्पताल से रिपोर्ट किए गए हैं। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 1300 हो गई है। इससे पहले, सीएमसी अस्पताल में कोरोना संक्रमण के कारण 83 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। उसे यहां 27 जून को निमोनिया, सांस लेने में तकलीफ, फीवर की शिकायत के साथ भर्ती करवाया गया था। इधर, खन्ना मे चार और कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें से तीन शहर के और एक महोंन गांव का है।
नगर निगम जोन डी के जोनल कमिश्नर कुलप्रीत सिंह के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से शहर में हड़कंप मच गया। उनके दफ्तर को सैनिटाइज स्प्रे करवाकर बंद कर दिया गया। जबकि सीधे संपर्क मे आए स्टाफ को क्वारंटाइन कर दिया गया है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट के अनुसार कुल 43 लोग संक्रमित हुए। इनमें से 40 जिले से और तीन लोग बाहर के जिलों से संबंधित हैं।
जोनल कमिश्नर ने खुद सिविल अस्पताल में जाकर सैंपल दिया था। उन्हें खांसी और बुखार के लक्षण थे। सेहत विभाग की ओर से अब जोनल कमिश्नर के संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की जा रही है। करीब 55 से अधिक लोगों के संपर्क में आने के बारे में पता चला है। इनमें से ज्यादातर नगर निगम से संबंधित हैं। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आइसीएमआर की गाइडलाइन के अनुसार संपर्क में आए सभी लोगों के सैंपल पांचवें दिन लिए जा सकते हैं।
उधर, शुक्रवार को आई रिपोर्ट में तीन पुलिस अफसर भी संक्रमित पाए गए। इनमें पुलिस स्टेशन मोती नगर में तैनात 56 वर्षीय सब इंस्पेक्टर, थाना डिवीजन नंबर सात में नियुक्त 53 वर्षीय एएसआइ व सीआइए वन में नियुक्त 47 वर्षीय हेड कांस्टेबल भी संक्रमित पाए गए। इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों से संबंधित 39 लोग भी कोरोना की चपेट में आए। जिनमें चार गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि शुक्रवार को 871 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
ट्रूनेट में पॉजिटिव आए मरीज की मौत
सिविल अस्पताल में भर्ती रायकोट के गांव अकालगढ़ निवासी एक मरीज की मौत हो गई। मरीज की उम्र 25 वर्ष थी। जानकारी के मुताबिक मरीज सिविल अस्पताल की ट्रूनेट मशीन में करवाई गई जांच में पॉजिटिव था। हांलाकि मृतक का थ्रोट स्वैब का टेस्ट नहीं हुआ। इस वजह से इस मौत को संदिग्ध की श्रेणी में रखा गया है।
पांच गर्भवतियां भी चपेट में
शुक्रवार को भी चार गर्भवती महिलाएं पॉजिटिव पाई गई। इनमें गांव इकोलाहा से 29 वर्षीय महिला, प्रेम विहार मिलरगंज की रहने वाली 25 वर्षीय गर्भवती, प्रेम विहार मिलरगंज की रहने वाली 28 वर्षीय गर्भवती व प्रभात नगर ढोलेवाल की रहने वाली 25 वर्षीय गर्भवती व खन्ना-मालेरकोटला रोड स्थित गांव ईकोलाहा की 27 वर्षीय गर्भवती पॉजिटिव आई।