Live Ludhiana Coronavirus Update: बाहरी जिलों से लुधियाना रेफर किए गए पांच कोरोना मरीजों की मौत, मृतकों में दो मलेरकोटला व एक जालंधर से
Live Ludhiana Coronavirus Update दम तो़ड़ने वाले मरीज की उम्र 50 वर्षीय थी और वह बठिंडा के पुखराज कॉलोनी का रहने वाला था। वह दो दिन पहले ही कोरोना पोजटिव पाया गया था।
लुधियाना, जेएनएन। जिले में कोरोना वायरस से शनिवार को पांच लोगों की मौत हो गई। सभी मरीज बाहरी जिलों से थे और सेहत में सुधार न होने के चलते लुधियाना रेफर किए गए थे। मृतकों में मलेरकोटला के 63 वर्षीय शख्स, 48 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। दोनों को हृदय रोग था। वहीं कोरोना संक्रमित पठानकोट की 43 वर्षीय महिला की भी शनिवार को मौत हो गई। महिला सांस की बीमारी से भी पीड़ित थी। जिले में अब दूसरे जिलों के 22 कोरोना संक्रिमत मरीज दम तोड़ चुके है। इसके अलावा एक बुजुर्ग जालंधर से और दूसरा 50 वर्षीय शख्स बठिंडा से था। जालंधर के मॉडल टाउन के रहने वाले अश्विनी कुमार ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिा। मरीज को 23 जून को भर्ती करवाया गया था और जालंधर के पटेल अस्पताल से एसपीएस अस्पताल रेफर किया गया था। मरीज को शुगर, बीपी और किडनी का कैंसर भी था। एसपीएस अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राजीव कुंद्रा ने पुष्टि की है।
वहीं डीएमसीएच अस्पताल में कोरोना वायरस से बठिंडा के एक व्यक्ति की मौत हो गई। दम तो़ड़ने वाले मरीज की उम्र 50 वर्ष थी और वह बठिंडा के पुखराज कॉलोनी का रहने वाला था। मरीज को 15 जून को अस्पताल में एडमिट किया गया था। डीएमसीएच के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ अश्विनी चौधरी ने इसकी पुष्टि की है। दूसरी ओर कोरोना वायरस के लगातार बढ़ रहे मामलों के बीच जिले में छह नए माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। नए माइक्रो कंटेनमेंट जोन में सम्राट कालोनी ग्यासपुरा, सलेम टाबरी स्थित न्यू अशोक नगर, न्यू करतार नगर सलेम टाबरी, दुगरी स्थित बसंत एवन्यू फेस दो, ग्यासपुरा के गुरु हरिकृष्ण नगर और संगीत सिनेमा विश्वकर्मा कालोनी के समीप पड़ते राम नगर शामिल हो गए हैं।
इससे पहले जिले में शुक्रवार को कोरोना के मामलों का धमाका हुआ। जैसे-जैसे सैंपलिंग बढ़ रही है, वैसे-वैसे कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। पहली बार महानगर में एक साथ 66 लोग इस वायरस की चपेट में आए। इनमें 61 लुधियाना जिले से जबकि पांच दूसरे जिलों से हैं। इससे पहले अब तक 30 अप्रैल को सर्वाधिक 48 मामले आए थे।
शुक्रवार को पॉजिटिव आए लोगों में मुल्लांपुर स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र का डॉक्टर, चार पुलिस मुलाजिम भी शामिल हैं। इस चिकित्सक के पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ के सैंपल जांच हेतु लिए गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने इन मामलों की पुष्टि की है। वहीं ईएसआइ मॉडल की डिस्पेंसरी नंबर वन में नियुक्त व चार दिन पहले कोरोना पॉजिटिव आए लैब टेक्नीशियन के परिवार के सदस्य भी पॉजिटिव आए हैं। इनमें 43 वर्षीय पत्नी और 15 वर्षीय बेटी शामिल है।
हालांकि बेटे की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जांच में नवांशहर से 32 वर्षीय पुलिस मुलाजिम, जालंधर से 48 वर्षीय मुलाजिम, साहनेवाल से 39 वर्षीय पुलिस मुलाजिम, डेहलो से 31 वर्षीय पुलिस मुलाजिम और जमालपुर से 47 वर्षीय पुलिस मुलाजिम संक्रमित आए हैं। वहीं दूसरे जिले के मामलों में चंडीगढ़ के मलोया की 17 वर्षीय युवती पॉजिटिव आई। इसकी दो दिन पहले मौत हो चुकी है। हिमाचल निवासी युवक पॉजिटिव आया है। 22 वर्षीय बिहार निवासी इंटरनेशनल ट्रेवलर पॉजिटिव आया है।
दो दिन पहले दम तोड़ने वाली गांव मलोया की युवती निकली पॉजिटिव
सिविल अस्पताल में दो दिन पहले कोरोना से दम तोड़ने वाली सलेम टाबरी स्थित न्यू अशोक नगर में अपनी बुआ के घर रह रही चंडीगढ़ के गांव मलोया की रहने वाली 17 साल की लड़की कोरोना पॉजिटिव पाई गई। उसे बुधवार सुबह सांस लेने में शिकायत पर भर्ती करवाया गया था। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने युवती में कोरोना के लक्षणों को देखते हुए उसके सैंपल जांच को लिए थे। सिविल अस्पताल से उसे सीएमसी अस्पताल रेफर किया तो रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवती लॉकडाउन खुलने के बाद लीवर में इंफेक्शन व बार-बार बुखार होने से संबंधित बीमारी का इलाज करने के लिए लुधियाना आई थी। वह बारहवीं कक्षा की छात्र थी और उसके पिता वेडिंग फोटोग्राफर हैं।
ग्यासपुरा स्मार्ट कालोनी से पांच व गुरु हरकृष्ण नगर से 11 लोग संक्रमित
ग्यासपुरा इलाके में शुक्रवार को एक साथ 16 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसमें स्मार्ट कालोनी से पांच मरजी और गुरु हरकृष्ण नगर के एरिया से 11 लोग पॉजिटिव आए हैं। उधर सेहत विभाग की जांच में सलेम टाबरी स्थित अशोक नगर निवासी 28 साल की महिला, 8 साल की बच्ची, 6 साल की बच्ची, 50 साल की महिला, 28 साल की युवती कोरोना पॉजिटिव आई है।