Live Ludhiana Coronavirus Update: लुधियाना में हालात हुए चिंताजनक, एक दिन में आए कोरोना के 226 नए केस
Live Ludhiana Coronavirus Update जिले में पहली बार किसी स्वास्थ्य कर्मी की कोरोना वायरस से मौत हुई है। वीरवार को आए संक्रमितों में से 142 जिले से जबकि बाकी अन्य जिलों से है।
लुधियाना, जेएनएन। Live Ludhiana Coronavirus Update: जिले में कोरोना वायरस के मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को लुधियाना में कोरोना वायरस के 226 नए केस सामने आए हैं। इनमें से 218 लुधियाना और 8 दूसरे जिलों के हैं। जिले में पहली बार एक दिन में इतने अधिक पॉजिटिन मरीज रिपोर्ट हुए हैं।
इससे पहले वीरवार को 157 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। जिसमें से जिले के 142 लोग हैं और बाकी के 15 लोग बाहरी जिलों से संबंधित हैं। अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 3254 हो गई है। वहीं दूसरी तरफ कोरोना वायरस से वीरवार को आठ लोगों ने दम तोड़ दिया। इनमें से चार लुधियाना, एक पटियाला, दो बरनाला व एक जालंधर से संबंधित था।
कोरोना से मरने वालों में एक महिला एएनएम भी है। बरनाला निवासी 55 वर्षीय दिव्यांग एएनएम ब्लॉक सुधार में कार्यरत थी। इस वायरस से जिले में पहली बार किसी स्वास्थ्य कर्मी ने दम तोड़ा है। इसके अलावा भट्टियां निवासी 35 वर्षीय युवक ने भी दम तोड़ा। युवक दीप अस्पताल में भर्ती था। वहीं, धूरी लाइन निवासी 64 वर्षीय व्यक्ति ने पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में दम तोड़ा। इस व्यक्ति को कोरोना के अलावा शुगर भी थी।
इसके अलावा जालंधर निवासी 70 वर्षीय महिला ने सीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला को शुुगर व ब्लड प्रेशर भी था। जबकि पटियाला की रहने वाली 57 वर्षीय महिला ने एसपीएस अस्पताल में दम तोड़ा। महिला को सांस की बीमारी भी थी। इसी तरह धांधरा रोड खन्ना एन्क्लेव निवासी 65 वर्षीय महिला ने दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में दम तोड़ दिया। महिला को 27 जुलाई को भर्ती करवाया गया था। महिला को कोरोना संक्रमण के साथ साथ सांस लेने में तकलीफ, शुगर, हायपरटेंशन की शिकायत भी थी।
वहीं बरनाला के उपली निवासी 70 वर्षीय महिला ने भी डीएमसीएच में दम तोड़ दिया। महिला को 28 जुलाई को भर्ती करवाया गया था। इस महिला को भी शुगर, हाइपरटेंशन व सांस लेने में तकलीफ थी। इसके अलावा लुधियाना की जम्मू कालोनी निवासी 43 वर्षीय व्यक्ति की भी कोरोना से मौत हो गई।