Live Ludhiana Coronavirus Update: कोरोना वायरस से बुजुर्ग की मौत, 66 और नए मामले
Live Ludhiana Coronavirus Update शुक्रवार को लुधियाना में कोरोना वायरस से एक और मौत हाे गई। आज जिले में 66 नए मामले सामने आए हैं।
लुधियाना, जेएनएन। शुक्रवार को लुधियाना में कोरोना वायरस से एक और मौत हाे गई। वहीं आज जिले में एक साथ 66 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। ग्यासपुरा से ही 16 लोग कोरोना की चपेट में आए।
सिविल सर्जन डा. राजेश बग्गा ने बताया कि शुक्रवार को सेहत विभाग की जांच में जालंधर बाइपास से पांच, ग्यासपुरा से 16, साहनेवाल से तीन, डेहलो से एक, दो पुलिस लाइन से, एक चंडीगढ़ रोड, एक बीआरएस नगर, एक दुगरी, एक इस्लामगंज, दो जमालपुर, एक गुरूनाकनुपरा का एक मरीज पॉजिटिव आया है। इसके अलावा ईएसआई क्वाटर से दो, तीन संगीत सिनेमा, दो भामियां रोड, दो अमन नगर, दो एसबीएस नगर, एक दुगरी, दो बहादुरके गांव, तीन विश्वकर्मा कालोनी, एक हंबड़ा रोड, एक जगराओं, एक बस्ती जोधेवाल, एक काकोवाल रोड, एक शिमलापुरी से संबंधित है। इसके अलावा छह मरीजों की रिपोर्ट डीएमसीएच से प्राप्त हुई। जिसमें से पांच जिले से संबंधित हैं और एक दूसरे राज्य से संबंधित है। इस तरह जिले में आज 66 लोग कोरोना की चपेट में आए।
उधर, बस्सी पठाना के 70 साल के बुजुर्ग ने तोड़ा यहां दम ताेड़ दिया। कोरोना से दम तोड़ने वाले इस बुजुर्ग को बीपी, शुगर, किडनी की बीमारी भी थी। दो साल पहले हार्ट का ऑपरेशन हुआ था। वीरवार रात्रि मौत हुई। वह 19 जून को कोरोना पॉजिटिव आये थे। बुजुर्ग को कल रात कार्डिक आरेस्ट आया। इसके बाद डॉक्टरो ने उन्हें सीपीआर देकर रिकवर करने की कोशिश की। लेकिन वह रिकवर नहीं हो पाए।
इससे पहले शहर के अमरपुरा के रहने वाले 34 वर्षीय मरीज की कोरोना से मौत हो गई। वह चंडीगढ़ के पीजीआइ में भर्ती था और मूल रूप से बिहार के मधुबनी का रहने वाला था। कोविड के स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ. राजेश भास्कर ने इसकी पुष्टि की। जिले में कोरोना से 19वीं मौत है।
इससे पहले सुबह 28 नए मामले सामने आए थे। इन संक्रमित आए लोगों में जिले में तैनात डीसीपी, पंजाब होम गार्ड के तीन मुलाजिम और सिविल सर्जन दफ्तर में तैनात कर्मचारी भी शामिल है। इसकी पुष्टि डिस्टिक्ट एपिडिमोलॉजिस्ट डॉ. रमेश कुमार और एडीसीपी व लुधियाना पुलिस के नोडल अधिकारी सचिन गुप्ता ने की। वहीं सिविल सर्जन दफ्तर में नियुक्त 45 वर्षीय एक दर्जा चार कर्मचारी पॉजिटिव आया है।
चर्चा है कि यह कर्मचारी 22 जून को पॉजिटिव पाए गए लैब टेक्नीशियन के संपर्क में आया था। सेहत विभाग अब दर्जा चार कर्मचारी के संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार कर रहा है। इसके अलावा खन्ना के मॉडल टाउन निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति, जोधां निवासी 37 वर्षीय महिला, गांव डांगो निवासी 75 वर्षीय व्यक्ति, ईशर सिंह नगर निवासी 50 वर्षीय महिला, 80 वर्षीय महिला व 29 वर्षीय महिला, गांव हठूर से 40 वर्षीय व्यक्ति, बसंत एवेन्यू दुगरी से 50 वर्षीय व्यक्ति व 24 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है। कंटेनमेंट जोन से भी दो केस आए हैं। इनमें सैंसी मोहल्ला से 60 वर्षीय व्यक्ति और हबीबगंज से 21 वर्षीय गर्भवती महिला शामिल है।
इसी तरह गांव दुले निवासी 40 वर्षीय, प्रीत विहार बस्ती जोधेवाल निवासी दो साल का बच्चा, हंबड़ा रोड निवासी 49 वर्षीय पुरुष, मुंडिया कलां निवासी 35 वर्षीय, सलेम टाबरी न्यू अशोक नगर निवासी 21 वर्षीय युवक, मॉडल टाउन निवासी महिला, डाबा रोड गुरपाल नगर निवासी 54 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा संगरूर, गुरदासपुर व दिल्ली निवासी पुरुष पॉजिटिव आया है।
इस बीच तीन दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए ईएसआइ मॉडल अस्पताल की डिस्पेंसरी नंबर एक में नियुक्त लैब टेक्नीशियन ने सेहत मंत्री को चिट्ठी लिखी है। उसने आरोप लगाया कि 22 जून से उसे सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया है। तब से उसे देखने के लिए डॉक्टर नहीं आया जबकि उसकी खांसी और गले में दर्द बढ़ रहा है। दूसरी तरफ एसएमओ डॉ. अमरजीत कौर ने कहा कि लैब टेक्नीशियन के आरोप सही नहीं है। उनके मेडिकल स्पेशलिस्ट व स्टाफ नर्स लैब टेक्नीशियन को अटेंड कर रहे हैं।