सात राज्यों को वांछित लालू ईरानी उर्फ बुलडोजर को लुधियाना पुलिस ने मुंबई में धर दबोचा
पुलिस ने सात राज्यों की पुलिस के लिए वांछित ईरानी गिरोह के सरगना लालू ईरानी उर्फ बुलडोजर को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है।
जेएनएन, लुधियाना। पुलिस ने सात राज्यों की पुलिस के लिए वांछित ईरानी गिरोह के सरगना लालू ईरानी उर्फ बुलडोजर को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक सहित सात राज्यों की पुलिस उसे तलाश रही थी। थाना कोतवाली प्रभारी अमनदीप सिंह बराड़ की अगुवाही वाली पुलिस टीम ने मुंबई की ईरानी बस्ती से काबू किया है।
बुलडोजर के खिलाफ पंजाब समेत सात राज्यों में 45 एफआइआर दर्ज हैं। इस गिरोह के 100 सदस्य पूरे देश में धोखाधड़ी की वारदात कर रहे हैं। यह गिरोह पहली बार लुधियाना आया था। इन्होंने यहां नकली पुलिस वाले बनकर तीन जगह व्यपारियों से लाखों रुपये लूटे थे।
एडीसीपी गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया है कि यह लोग इराक से काफी समय पहले उजड़कर आए थे और यहां कई गिरोह बनाकर लूट की वारदात करने लगे। लालू बुलडोजर इनका लीडर है। पंजाब में तीन वारदात करने के बाद इन्होंने हरियाणा को निशाने पर लिया था। वहां पर इनकी ओर से हाल ही में दर्जन के करीब वारदात की गई हैं। अभी तक तीन स्टेट की पुलिस इसे प्रोडक्शन वारंट पर लेने के लिए लुधियाना पुलिस से बात कर चुकी है।