घरेलू हिंसा पर रोक के लिए महिला टास्क फोर्स गठित
खन्ना महिलाओं के खिलाफ डोमेस्टिक वायलेंस देश के लिए कोई नई बात नहीं है लेकिन कोराना माहमारी के चलते लाॉकडाऊन में ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है। इस तरह के घरेलू हिसा के मामले केवल घरों के अंदर ही दबे ना रह जाएं इसके लिए खन्ना पुलिस ने एक महिला टास्क फोर्स का गठन कर दिया है।
जागरण संवाददाता, खन्ना
महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा के मामले कोराना महामारी के चलते जारी लाॉकडाउन में बढ़ने की संभावना है। ऐसे में घरेलू हिसा के मामले घरों में ही न दबकर रह जाएं, इसके लिए खन्ना पुलिस ने महिला टास्क फोर्स का गठन किया है। इसके लिए बकायदा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
खन्ना के एसएसपी हरप्रीत सिंह द्वारा बनाई गई इस महिला टास्क फोर्स की जिम्मेवारी महिला इंस्पेक्टर प्रवीण शर्मा को सौंपी गई है। इसके तहत हर पुलिस थाने में दो-दो महिला पुलिस कर्मचारियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई हैं। वे केवल महिलाओं से जुड़े मामलों को ही देखेंगी और जल्द से जल्द उनके निपटारे की कोशिश की जाएगी।
डीएसपी सुरजीत सिंह धनोआ ने बताया कि घरों में तथा अन्य जगहों पर महिलाओं पर अत्याचारों की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। कई बार यह देखने में आया है कि महिलाएं चुपचाप इस अत्याचार को सहती रहती हैं। उसका कारण यह होता है कि एक महिला होने के नाते वे पुलिस थाने में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाती। इसी कारण महिला टास्क फोर्स का गठन करते हुए 112 डायल नंबर जारी किया गया है। महिलाएं कोई भी समस्या आने पर इस नंबर पर कॉल कर सकती हैं।
डीाएसपी ने बताया कि महिला पुलिस कर्मचारी खुद भी इलाके में जाकर लोगों से संपर्क के जरिये ऐसी महिलाओं के बारे में जानकारी इकट्ठा करेंगी, जिन पर अत्याचार या उनका शोषण किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से बिना किसी झिझक और डर के पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।