किसान संघर्ष मोर्चा ने मनाई कबीर जयंती
रेलवे स्टेशन पार्क जगराओं में किसान संघर्ष मोर्चे में वीरवार का दिन भगत कबीर जयंती को समर्पित किया।
जागरण संवाददाता, जगराओं : रेलवे स्टेशन पार्क जगराओं में किसान संघर्ष मोर्चे में वीरवार का दिन भगत कबीर जयंती को समर्पित किया। संयुक्त किसान मोर्चे के निमंत्रण पर इकट्ठे धरनाकारियों ने भगत कबीर जी को श्रद्धांजलि भेंट की। इस मौके पर डा. साधु सिंह व मास्टर हरबंस सिंह अखाड़ा ने भगत कबीर की गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज बाणी को मानव जीवन के लिए मार्गदर्शक करार दिया। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा के गुरमेल सिंह भरोवाल ने भगत कबीर जी को याद करते हुए कहा कि हम इन भगतों की बाणी को जीवन जांच का हिस्सा नहीं बनाते। किसान नेता दर्शन सिंह गालिब ने बताया कि 26 जून को खेती बचाओ लोकतंत्र बचाओ दिवस रेल पार्क जगराओं में मनाने के बाद शहर में रोष मार्च किया जाएगा। उन्होंने समूह इलाकानिवासियों को शनिवार 11 बजे रेलवे स्टेशन पार्क जगराओं में चल रहे धरने में पहुंचने की अपील की। मंच संचालक जगदीश सिंह ने सेवामुक्त कर्मचारियों को भी शामिल होने की अपील की है।