हादसे में मारे गए पलविंदर का सैन्य सम्मान से संस्कार किया
कारगिल में सड़क दुर्घटना में मारे गए सिपाही पलविदर सिंह का दोराहा के गांव रामपुर में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
- मुख्यमंत्री की ओर से कैबिनेट मंत्री आशु ने दी श्रद्धांजलि
- जिप्सी में जाते समय अधिकारी के साथ दरिया में गिर गया था
जागरण संवाददाता, लुधियाना : कारगिल में सड़क दुर्घटना में मारे गए सिपाही पलविदर सिंह का दोराहा के गांव रामपुर में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह की ओर से खाद्य एवं आपूर्ति व उपभोक्ता मामलों के मंत्री भारत भूषण आशु पहुंचे। उन्होंने शव पर फूलमाला अर्पित की भावभानी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान समराला के विधायक अमरीक सिंह ढिल्लों, पायल के विधायक लखवीर सिंह, एसडीएम गीतिका सिंह, शहीद के परिजन व गांव वासी मौजूद थे। वहीं पलविंदर का शव आने से पहले ही पूरा गांव में गम में डूब चुका था, जब शव गांव में पहुंचा तो हर आंख पर आंसूओं का सैलाब था। गांव वासी नम आंखों को जवान को नमन कर रहे थे। बता दें कि पलविदर सिंह मूल रूप से समराला के गांव ढींढसा के रहने वाले थे। 22 जून को अधिकारी के साथ जिप्सी में जाते समय एक्सीडेंट हो गया था व गाड़ी दरिया में गिर गई। भाई जगप्रीत सिंह ने बताया कि पलविदर सिंह 2010 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके पिता ने भी सेना में 24 साल सेवाएं दी हैं। जगप्रीत सिंह ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह से अपील की है कि परिवार की मदद की जाए। उनका छोटा भाई स्नातक है, उसे सरकारी नौकरी दी जाए। कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु ने परिवार को आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार हर संभव सहायता करेगी।