खन्ना में ट्रैफिक जाम हो सकता है और विकराल, फ्लाई ओवर को पूरी तरह बंद करने की तैयारी
शहर में नेशनल हाइवे पर ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। इस बीच नए संकेतों ने इस समस्या के और विकराल होने की आशंका पैदा कर दी है। इन संकेतों के अनुसार हाइवे पर फ्लाई औवर बंद किया जा सकता है।
खन्ना, (लुधियाना) सचिन आनंद। शहर में नेशनल हाइवे पर ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। इस बीच नए संकेतों ने इस समस्या के और विकराल होने की आशंका पैदा कर दी है। इन संकेतों के अनुसार हाइवे पर फ्लाई ओवर के चल रहे मरम्मत के काम के चलते ट्रैफिक को फ्लाई ओवर पर पूरी तरह बन्द किया जाना है। इससे सारा ट्रैफिक शहर में आ जाएगा। इस हिसाब से आने वाले दिन खन्ना को ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अच्छे नहीं हैं।
फ्लाई ओवर पर बस स्टैंड के सामने चल रहा मरम्मत का काम अभी हाइवे के एक तरफ (लुधियाना-दिल्ली साइड) ही चल रहा है। जल्द ही यह काम अब दूसरी तरफ (दिल्ली-लुधियाना साइड) भी शुरू होने जा रहा है। इसके चलते सारा ट्रैफिक खन्ना शहर में सर्विस रोड से होकर गुजरेगा। ऐसे में शहर में जाम की स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।
अभी से जाम में फंसा है शहर
खन्ना शहर में अभी से जाम की स्थिति परेशान करने वाली है। मंगलवार को भी फ्लाई ओवर के ऊपर और नीचे लंबी लाइन वाहनों की लगी है। ऐसे में सारा ट्रैफिक शहर में डायवर्ट करने के बाद पैदा होने वाली स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
एसएसपी ने दौरा कर बनाया प्लान
सोमवार की देर शाम ही एसएसपी खन्ना गुरशरनदीप सिंह ग्रेवाल ने शहर का दौरा किया। उनके साथ एसपी मुकेश कुमार, डीएसपी शमशेर सिंह शेरगिल, ट्रैफिक इंचार्ज मनप्रीत सिंह भी थे। उन्होंने कहा कि फ्लाई ओवर के दोनों तरफ का ट्रैफिक 2-3 दिन में शहर के अंदर डायवर्ट किया जा सकता है। इसके लिए ट्रैफिक को सही ढंग से चलाने के लिए प्लान बनाया जा रहा है।