पति सात समंदर पार, पत्नी ने Video Call से किया अपने 'प्यारे चांद' का दीदार Ludhiana News
पत्नी ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा है पर जब यह पता चले कि पति ने भी अपनी पत्नी की दीर्घायु के लिए व्रत रखा है तो सोने पर सुहागा वाली बात हो जाती है।
लुधियाना, जेएनएन। करवा चौथ का नाम जैसे ही जुंबा पर आता है तो अकसर यही देखने और सुनने को मिलता है कि पत्नी ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा है पर जब यह पता चले कि पति ने भी अपनी पत्नी की दीर्घायु के लिए व्रत रखा है तो सोने पर सुहागा वाली बात हो जाती है। वह भी तब जब पत्नी भारत में हो और पति विदेश में रह रहा हो। आइए ऐसे ही कपल्स से जानें कि उन्होंने किस तरह से पूजन का व्रत खोला।
यूएसए में पति, चांद निकलते ही पत्नी ने वीडियो कॉल कर व्रत खोला
न्यू किचलू नगर निवासी बीनू स्याल और उनके पति निकेश स्याल ने करवाचौथ का व्रत रखा। पति निकेश दो महीने से यूएसए में हैं। वीडियो कॉल के जरिए एक दूसरे का दीदार कर व्रत खोला। दोनों की शादी को नवंबर में दो साल होने जा रहे हैं। सुबह सरगी लेने के समय भी बीनू और निकेश ने वीडियो कॉल की। बीनू ने चांद निकलने पर पति को वीडियो कॉल की और दोनों ने अपना व्रत खोला। पहले करवाचौथ पर भी पति ने साथ में व्रत रखा था। जिस टाइम यहां चांद निकला, उस समय यूएसए में सुबह होने वाली थी। इसलिए पति निकेश ने टाइम से उठने के लिए अलार्म लगा रखा था।
हैबोवाल की रुपाली और रोहित ने साथ में खोला व्रत, बाहर किया डिनर
हैबोवाल की रुपाली और रोहित वर्मा की शादी को सोलह साल हो चुके हैं। करवाचौथ के दिन पति-पत्नी दोनों ही एक-दूसरे की लंबी आयु के लिए व्रत रखते हैं। रुपाली ने कहा इस बार भी करवाचौथ के दिन सुबह सरगी लेने के समय पति रोहित साथ उठे पर सरगी केवल उन्होंने ही ली। चांद को अर्घ्य देने के बाद दोनों ने ही व्रत खोला और बाहर डिनर किया। पति रोहित वर्मा 16 साल से करवाचौथ का व्रत रख रहे हैं। उनका मानना है कि जब पत्नियां पति के लिए व्रत रख सकती हैं तो पति क्यों नहीं।
इटली में पति, हर वर्ष फोटो देखकर खोलती हैं व्रत, करती हैं दीर्घायु की कामना
जगराओं निवासी हरप्रीत कौर की शादी वर्ष 2011 में रिपु दमन से हुई। पहला करवाचौथ पति रिपु दमन के साथ रखा था। उसके बाद रिपु दमन इटली काम करने चले गए। अब हर वर्ष जनवरी में रिपु दमन आते हैं। हरप्रीत विदेश में बैठे अपने पति रिपु दमन की दीर्घायु के लिए हर बार करवा चौथ व्रत रखती हैं। करवा चौथ व्रत वाले दिन रात को चांद के साथ अपने पति रिपु दमन की फोटो को देख कर व्रत खोलती हैं। हरप्रीत कौर सोलह श्रंगार कर हर बार करवाचौथ व्रत रखती हैं। इटली में काम करने के बावजूद पत्नी से हर वर्ष मिलने के लिए रिपु दमन जनवरी में घर आते हैं। वह परिवार को अधिक प्राथमिकता देते हैं।
25 वर्षो से पत्नी के साथ व्रत रखते हैं डीएमसी के प्रिंसिपल संदीप पुरी
लुधियाना के दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल के प्रिसिपल डॉ.संदीप पुरी ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 1991 में अपने साथ पढऩे वाली दोस्त डॉ. सुमन पुरी से हुई थी। मेडिसन प्रमुख डॉ.संदीप पुरी ने बताया कि शादी के बाद हम दोनों ने ठान लिया था कि एक दूसरे की दीर्घायु के लिए करवाचौथ का व्रत रखा जाएगा। साथ ही सरगी खाते हैं, फिर शाम को पंडित जी से करवा चौथ की कथा सुनते हैं और चांद को अर्घ्य देकर व्रत खोलते है। डॉ. सुमन पुरी ने बताया कि उन्होंने बेटी के पहले करवाचौथ पर सभी ने साथ में कथा सुनी। डॉ. संदीप पुरी का मानना है कि जीवन की हर खुशी में पत्नी को बराबर का दर्जा व सम्मान देना चाहिए। पिछले 25 वर्षों से पत्नी की दीर्घायु के लिए व्रत रखते हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें