बाल कैदी के लिए फेंक रहा था मोबाइल, जर्दा व बीड़ियां; जुवेनाइल होम कर्मियों ने मौके पर दबोचा युवक
आरोपित सन्नी पहले जुवेनाइल होम में साथ अशपिंदर के साथ बंद था। कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर छूटा था।
लुधियाना, जेएनएन। जुवेनाइल होम में हत्या के मामले में बंद बाल कैदी के लिए बाहर से एक युवक ने मोबाइल, जर्दा व बीड़ियों के बंडल फेंके। सतर्क हुए जुवेनाइल होम कर्मियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। थाना शिमला पुरी पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एएसआई अजमेर सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान जालंधर बाइपास स्थित ग्रीन लैंड स्कूल के पीछे रहने वाले सन्नी के रूप में हुई। पुलिस ने जुवेनाइल होम के सुपरिंटेंडेंट कर्म सिंह की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। अपने बयान में कर्म सिंह ने बताया कि घटना 12 जुलाई की है। आरोपित सन्नी ने जुवेनाइल होम की बाहरी दीवार की ऊपर से एक मोबाइल फोन, 2 पुड़िया जर्दा और दो बीड़ी के बंडल फेंके। जो अंदर बंद हत्यारोपित रशपिंदर सिंह ने उठाए। मौके पर उनकी टीम ने बाहर खड़े सन्नी को काबू कर लिया।
आरोपित भी पहले जुवेनाइल होम में बंद था
पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उक्त सामान उसने रशपिंदर के लिए ही फेंका था। अजमेर सिंह ने बताया कि पहले सन्नी भी जुवेनाइल होम में बंद था। उसके खिलाफ चोरी व लूट खसूट के दो मामले दर्ज हैं। एक सप्ताह पहले ही वो जुवेनाइल होम से जमानत पर बाहर गया था। अंदर वह और रशपिंदर साथ-साथ ही बंद थे। सन्नी के छूटने से पहले ही दोनों ने यह सामान जेल में फेंकने की योजना बनाई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपित से पूछताछ में अहम खुलासा होने की संभावना है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें