अधर में लटके जगराओं पुल पर अनूठा प्रदर्शन, बताया इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना Ludhiana News
वक्ताओं ने कहा कि जगराओं पुल एक काला धब्बा बन कर राजनीतिज्ञों व प्रशासनिक अधिकारियों की नाकामियों के चलते एक सफेद हाथी बन कर रह गया है।
लुधियाना, जेएनएन। अधर में लटके जगराओं पुल पर जागृति सेना ने अनूठा प्रदर्शन किया। पुल पर व्यंग्यात्मक बोर्ड लगाकर पदाधिकारियों ने इसे इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना करार दे दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुल में हो रही देरी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इंजीनियर बनने जा रहे छात्रों को इस पुल के निर्माण पर रिसर्च करते हुए शिक्षा लेनी चाहिए कि कैसे पुल की कीमत बढ़ाने के लिए इसके निर्माण को लटकाया जा सकता है। वक्ताओं ने कहा कि जगराओं पुल एक काला धब्बा बन कर राजनीतिज्ञों व प्रशासनिक अधिकारियों की नाकामियों के चलते एक सफेद हाथी बन कर रह गया है। बोर्ड के माध्यम से राजनीतिक व प्रशासनिक अधिकारियों की खामियों को जगजाहिर किया गया। जागृति सेना के प्रमोद सूद ने कहा कि वर्षों से लटक रहे इस पुल के निर्माण का संताप लुधियानवी झेल रहे है। इस दौरान जगदीश रिंकू, योगेश धीमान, राजेश शर्मा, विकास सूद, दीपक अरोड़ा, तरुण कुमार, विपन कुमार मौजूद रहे।
बोर्ड पर ये लिख साधा निशाना
-विश्व में इंजीनियरिंग का अदभुत नमूना
-देश के सर्वोच्च पुरस्कार के हकदार लुधियाना के तमाम नेता व अधिकारी
-देश के तमाम इंजीनियर विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पूरी करने से पहले यहा विजिट करना आवश्यक किया जाए ताकि यहा के काबिल अफसर उनको बता सकें कि निर्माण में देरी करवाकर कैसे उसकी लागत को बढ़ाया जा सकता है।
-डिस्कवरी चैनल, नासा व भारतीय अंतरिक्ष विभाग को अपील सूक्ष्म रिसर्च करके पता लगाएं कि इस पुल के निर्माण की देरी में किस व्यक्ति का दोष है।
- लुधियाना के तमाम खास और आम लोगों से अपील है कि इस पुल से जुड़े तमाम अफसरों को उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए उचित इनाम दिया जाए।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें