जवानों को सम्मान: बर्थडे पर एक दिन के लिए जवान बने अफसर
देश के लिए मर मिटने वाले जवान हमेशा ही जनता की रक्षा में दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। इस दौरान उन्हें त्योहार व जन्मदिन मनाने का मौका भी नहीं मिलता और न ही उनके साथ उस समय परिवार के सदस्य मौजूद होते हैं। अब भारत तिब्बत बार्डर पुलिस (आइटीबीपी) ने महीने में एक दिन मिलकर जवानों का बर्थडे मनाने की कवायद शुरू की है।
जासं, लुधियाना : देश के लिए मर मिटने वाले जवान हमेशा ही जनता की रक्षा में दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। इस दौरान उन्हें त्योहार व जन्मदिन मनाने का मौका भी नहीं मिलता और न ही उनके साथ उस समय परिवार के सदस्य मौजूद होते हैं। अब भारत तिब्बत बार्डर पुलिस (आइटीबीपी) ने महीने में एक दिन मिलकर जवानों का बर्थडे मनाने की कवायद शुरू की है। शनिवार को आइटीबीपी के बद्दोवाल केंद्र में सितंबर में आने वाले जवानों का बर्थडे मनाया। इन जवानों को अफसर की तरह सम्मान किया गया है। चाहे वह किसी भी पद पर तैनात हो। इस दिन इन जवानों को बिना वर्दी के अफसरों की तरह सभी अधिकारियों के बीच बिठाया गया और उनकी ड्रेस भी अधिकारियों की तरह थी। उन्होंने पेंट और कमीज के उपर टाई लगाई हुई थी। वहीं, बर्थडे पर विभाग की तरफ से गिफ्ट भी दिया गया। उसके बाद समारोह में सभी जवानों ने एक-एक कर देशभक्ति समेत कई गाने गाए। समारोह में आइटीबीपी के कमांडेंट सुदेश कुमार खास तौर पर मौजूद थे। खुशी से भावुक हुए जवान, बोले-पहली बार मनाया बर्थडे
आइटीबीपी ने सितंबर में आने वाले 16 जवानों का बर्थडे मनाया। इस दौरान हर जवान ने खुद के अनुभव बताए। कुछ जवान इतने खुश हुए कि उन्होंने भावुक होकर बोला कि पहली बार इतने लोगों के सामने उन्होंने अपना बर्थडे मनाया है। उन्हें ऐसा लग रहा है कि उनका पूरा परिवार उनके साथ है। एक जवान ने कहा कि उनकी उम्र 50 साल के करीब हो गई है, लेकिन पहली बार उसने केक काटा है। स्टेज पर जवानों के खुशी से भावुक होकर बोलते देख समारोह में मौजूद हर एक जवान तालियां बजा कर उन्हें शुभकामनाएं दी। जवानों ने अधिकारियों के साथ बैठकर खाया बड़ा खाना
समारोह के बाद सभी जवान और अधिकारी एक ही बेंच पर बैठ गए। उसके बाद उनके लिए कई प्रकार से व्यंजन परोसे गए। सभी जवानों और अधिकारियों ने मिलकर बड़ा खाना खाया। इस दौरान कई जवान ने अधिकारियों के साथ बैठकर सेल्फी खींच रहे थे और कई जवान खुशी के चलते अपने घर की बातें बता रहे थे। ऐसे समारोह से जवानों को बढ़ता है मनोबल: कमांडेंट सुदेश कुमार
आइटीबीपी के कमांडेंट ने कहा कि ऐसे समारोह से जवानों का मनोबल काफी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर जवान घर से हजारों मील दूर आकर देश की रक्षा के लिए तैनात रहते हैं। पर त्योहार और बर्थडे पर वह खुद के अकेला महसूस करते हैं। पर इस प्रकार मिलकर जवानों का बर्थडे मनाने से उन्हें काफी खुशी मिलती है और वह इस मौके पर खुद को परिवार में मौजूद समझते हैं।