ससुरालियों ने नवविवाहिता को एक साल तक बंधक बनाकर रखा, गर्म सरिए से शरीर पर दागा
इलाके में रहने वाली परमजीत कौर ने बताया कि पीड़िता की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। उसका पति करीब एक साल पहले उसे गांव से लुधियाना लेकर आया था।
लुधियाना, जेएनएन। टिब्बा रोड के विजय नगर में ससुरालियों ने नवविवाहिता को एक साल तक घर में बंद करके रखा। वे उसके साथ मारपीट भी करते रहे। जब इसका पता कॉलोनी की कुछ महिलाओं को लगा तो उन्होंने पुलिस को साथ लेकर मंगलवार की दोपहर उस घर में दस्तक दी। उन्होंने विवाहिता को छुड़वाया और इलाज के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया। थाना टिब्बा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता का नाम गीता वर्मा (28) है। उसी इलाके में रहने वाली परमजीत कौर ने बताया कि गीता की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। वह गोंडा (उत्तर प्रदेश) के गांव बालक रामपुर की रहने वाली है। उसका पति करीब एक साल पहले उसे गांव से लुधियाना लेकर आया था। गीता की सास और पति उसे घर से बाहर नहीं निकलने देते थे। वे उससे दहेज को लेकर अकसर मारपीट करते रहते थे। कई बार गीता के पति और सास ने उसे सरिया गर्म कर जलाया भी। उसके शरीर पर निशान बन चुके हैं। ससुराली बहू को कई-कई दिन खाना भी नहीं देते थे।
पीड़िता पर किए जा रहे जुल्म का पता चला तो उठाई आवाज
परमजीत कौर ने बताया कि वह उस इलाके में ब्यूटी पार्लर का काम करती है। उसे जब गीता पर ससुरालियों की ओर से किए जा रहे जुल्म के बारे में पता लगा तो पड़ताल में सभी बातें सही पाई गईं। उसने मंगलवार की दोपहर थाना टिब्बा रोड पुलिस के साथ संपर्क किया। फिर पुलिस मौके पर पहुंची और गीता को वहां से रिहा करवाकर उसके पति व सास को हिरासत में ले लिया।
शरीर पर चोटों के निशान, पैरों में सूजन भी आई
गीता को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया है। वहां उसके पूरे शरीर पर चोटों के निशान और पैरों में सूजन तक आई हुई है। डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे दाखिल कर लिया। उधर, इस संबंध में बात करने पर थाना प्रभारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि महिला का बयान लेने अभी बाकी है। उसके बयान में आधार पर अगली कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें