जगराओं में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला प्रचारक सुदर्शन वर्मा की कोरोना से मौत
जगराओं के सब्जी मंडी नजदीक रहने वाले साठ वर्षीय सुदर्शन वर्मा की कोरोना से मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, जगराओं : स्थानीय सब्जी मंडी के नजदीक रहने वाले साठ वर्षीय सुदर्शन वर्मा की कोरोना से मौत हो गई। वह पिछले एक सप्ताह से बीमार थे, जिनका इलाज चल रहा था। मंगलवार को उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर उनके परिवार वालों ने उनको सिविल अस्पताल जगराओं में दाखिल करवाया गया था। सिविल अस्पताल में कोरोना टेस्ट किया गया तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जगराओं के सिविल अस्पताल के नोडल अफसर डॉ. संगीना गर्ग ने मौत कोरोना से होने की पुष्टि की है।
नायब तहसीलदार हरीश कुमार की निगरानी में प्रशासन की ओर से पूरी सावधानी के साथ सुदर्शन वर्मा का अंतिम संस्कार किया गया। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. सुखजीवन कक्कड़ ने बताया कि मंगलवार शाम को सुदर्शन वर्मा अस्पताल में भर्ती हुए थे। इससे पहले जगराओं के किसी प्राइवेट अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वहां से उन्हें डीएमसी अस्पताल लुधियाना रेफर किया गया था, लेकिन डीएमसी में बेड खाली न होने के कारण उन्हें सिविल अस्पताल लुधियाना रेफर किया गया था। परिवार वालों ने उन्हें लुधियाना सिविल अस्पताल की जगह सिविल अस्पताल जगराओं ले आए और जहां पर मरीज का इलाज चल रहा था।
उन्होंने बताया कि सुदर्शन वर्मा को दिल की बीमारी भी थी। बुधवार सुबह 4:30 बजे उनकी मौत हो गई। बुधवार सुबह जगराओं नायब तहसीलदार हरीश कुमार व परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में नोडल अफसर डॉ. संगीना गर्ग ने बताया कि बुधवार को कोरोना के चार नए मरीज आए हैं और अब कुल संख्या 11 हो गई है।