बेरहम पति ने पीट-पीट कर ले ली पत्नी की जान, चरित्र पर करता शक
पहले पुलिस इसे संदिग्ध हालत में मौत मान रही थी बाद में जांच के बाद पता चला कि पति द्वारा पीटने से उसकी मौत हुई है।
लुधियाना, जेएनएन। पालम विहार में एनआरआइ की कोठी में रहने वाले व्यक्ति ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। सोमवार सुबह उसकी मौत का पता चला। पहले पुलिस इसे संदिग्ध हालत में मौत मान रही थी, बाद में जांच के बाद पता चला कि पति द्वारा पीटने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक महिला का नाम तारा देवी है।
चौकी ललतों के इंचार्ज हरमेश सिंह ने बताया कि तारा देवी और उसका पति विजय प्रकाश पालम विहार में एक एनआरआइ की कोठी में रहते थे। उनकी एक सात वर्षीय बेटी भी है। पत्नी लोगों के घरों में काम करती थी और उसका पति विजय कार वॉश का काम करता था। जांच अधिकारी ने बताया कि विजय पत्नी तारा देवी पर शक करता था कि उसके किसी के साथ अवैध संबंध हैं। इस कारण दोनों में अक्सर झगड़ा रहता था। दोनों में रविवार रात को भी इसी बात पर झगड़ा हो गया। विजय ने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। इस पर उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद उसका पति मौके से फरार हो गया। जब सोमवार की सुबह इसका पता लोगों को लगा तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। फिलहाल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। महिला के परिवार वालों को उत्तर प्रदेश में सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें