सेहरा बांध करने जा रहा था दूसरी शादी, ऐन वक्त पर पहुंची पत्नी तो हुई धुनाई
लुधियाना के एक व्यक्ति को पहली पत्नी के होते हुए दूसरी शादी करने का शौक चढ़ा। वह शनिवार को सेहरा बांध कर शादी करने जा रहा था। तभी पत्नी परिजनों संग पहुंच गई व उसकी धुनाई कर दी।
जेएनएन, लुधियाना। शहर के मंजीत नगर निवासी एक व्यक्ति को दूसरी शादी का शाैक बेहद महंगा पड़ गया। जनाब पत्नी को गच्चा देकर सज-धज कर बरात के संग दूसरी शादी करने जा रहे थे। इसी बीच पत्नी और उसके परिजनों को इसकी भनक लग गई। फिर क्या था पत्नी मौके पर पहुंच गई और उसकी धुनाई कर दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस पति को थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार, शहर के मंजीत नगर क्षेत्र के विशाल की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। उसका एक 12 साल का बेटा भी है। उसका पत्नी से विवाद हो गया था और इस कारण दोनों अलग-अलग रह रहे थे। इसी बीच विशाल काे दूसरी शादी करने की सूझी। इसके बाद उसने बिना पत्नी को तलाक दिए दूसरी शादी तय कर ली।
दूसरी शादी करने जा रहे व्यक्ति को रोकती पत्नी और अन्य महिलाएं।
विशाल की शनिवार को दूसरी शादी थी। इसी बीच उसकी पत्नी राखी आैर उसके परिजनों को इसका पता चल गया। शनिवार को दोपहर बाद वह सेहरा सजाकर घर से शादी के लिए रवाना हुआ। विशाल बरात के संग वेलकम पैलेस के नजदीक बसंत रिसोर्ट में पहुंचा तो पत्नी वहां आैर उसके परिजन वहां पहुंच गए।
इसके बाद पत्नी और उसके परिजनाें ने वहां हंगामा शुरू कर हाे गया। बताया जाता है कि पत्नी और अन्य महिलाओं ने विशाल की धुनाई शुरू कर दी। विशाल भी उनके साथ हाथापाई करने लगा। इसी दौरान विशाल ने अपनी तलवार निकली और लड़की के भाई पवन पर वार कर दिया। तलवार पवन के हाथ पर लगी और वह घायल हो गया।
दूसरी शादी करने जा रहे व्यक्ति को पकड़ कर ले जाती पुलिस।
इसके बाद मौके पर थाना सराभा नगर की पुलिस पहुंच गई। पुलिस विशाल को अपने साथ ले गई। इसके बाद राखी भी अपने परिजनों के साथ वहां पहुंच गई। पुलिस ने पत्नी का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस पति से पूछताछ कर रही है।
विवाद के दौरान पत्नी और अन्य महिलाओं से हाथापाई करता आरोपी।