विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में आज से धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा, ट्रैफिक रूट में बदलाव; भक्तों की समस्याओं का भी होगा निदान

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:54 AM (IST)

पंडित धीरेंद्र शास्त्री 26 से 30 सितंबर तक लुधियाना के ग्लाडा ग्राउंड में हनुमंत कथा करेंगे, जिसमें वे श्रद्धालुओं की समस्याओं का निवारण भी करेंगे।

लुधियाना में पांच दिवसीय हनुमंत कथा करेंगे धीरेंद्र शास्त्री। फाइल फोटो

लुधियाना में पांच दिवसीय हनुमंत कथा करेंगे धीरेंद्र शास्त्री। फाइल फोटो

HighLights

  1. धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा 26 से 30 सितंबर तक लुधियाना में।

  2. खराब मौसम के कारण शास्त्री शनिवार को चंडीगढ़ से लुधियाना पहुंचेंगे।

  3. कथा स्थल पर भीड़ के चलते ट्रैफिक रूट डायवर्ट रहेगा।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर-39 के ग्लाडा ग्राउंड (वर्धमान मिल के सामने) में 26 से 30 सितंबर तक बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री हनुमंत कथा का रसपान करवाएंगे। इसका समय शाम तीन से सात बजे तक रहेगा। आयोजन को लेकर ग्लाडा ग्राउंड में विशाल पंडाल और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री कथा के साथ-साथ श्रद्धालुओं की समस्याओं का निवारण भी करेंगे।

लुधियाना नहीं पहुंच पाए धीरेंद्र शास्त्री

नई दिल्ली से हलवारा आने वाली फ्लाइट के रद होने के कारण बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री शुक्रवार की देर शाम तक लुधियाना नहीं पहुंच पाए। बताया जा रहा है कि मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट दिल्ली से नहीं आई। अब शास्त्री महाराज अन्य फ्लाइट से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और उसके बाद चंडीगढ़ में ही विश्राम कर शनिवार को लुधियाना आएंगे। उल्लेखनीय है कि पूर्व कार्यक्रम के अनुसार देर शाम उन्होंने लुधियाना पहुंचना था और शाम को कुछ चुनिंदा श्रद्धालुओं से भी मिलना था।

कई जगह डायवर्जन

श्री हनुमंत कथा को लेकर लुधियाना ट्रैफिक पुलिस ने 26 से 30 सितंबर तक ट्रैफिक रूट प्लान जारी किया है। कथा के दौरान वाहनों की आवाजाही को सुचारु रखने के लिए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहन चालकों को निर्धारित रूट का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

ट्रैफिक प्लान के अनुसार समराला चौक, ट्रांसपोर्ट नगर कट, हीरा नगर, जमालपुर लाइट्स और कोहाड़ा चौक को प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाया गया है। सामान्य वाहनों के लिए निर्धारित डायवर्जन रूट में समराला चौक से ट्रांसपोर्ट नगर कट, हीरा नगर, ओसवाल चौक, शेरपुर चौक, ग्यासपुरा चौक होते हुए साहनेवाल चौक की तरफ जाने का रास्ता रहेगा।

traffic

इन मार्गों पर यात्रा से बचें

इसी तरह कोहाड़ा चौक से साहनेवाल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी निर्धारित डायवर्जन रूट रहेगा। हल्के वाहनों के लिए वर्धमान चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर अलग रूट निर्धारित किया गया है। इसमें समराला चौक से वर्धमान चौक, पुलिस कालोनी चौक, वीर पैलेस चौक, मुंडियां खुर्द चौक होते हुए कोहाड़ा चौक तक का मार्ग शामिल है।

कथा स्थल के आसपास ग्लाडा ग्राउंड, मोहिनी रिसोर्ट, एवरेस्ट स्कूल और श्री राम दरबार के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआइपी वाहनों के लिए श्री राम दरबार के पास अलग पार्किंग निर्धारित की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वो कार्यक्रम के दौरान रूट प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से डायवर्जन वाले मार्गों पर वाहन न ले जाएं।