ग्यासपुरा सिलेंड ब्लास्ट में एक और मौत, मृतकों की संख्या चार हुई
ग्यासपुरा सम्राट कॉलोनी सिलेंडर ब्लास्ट में घायल एक और चौथे शख्स की जीटीबी अस्पताल में शनिवार को मौत हो गई है।
जासं, लुधियाना : ग्यासपुरा सम्राट कॉलोनी सिलेंडर ब्लास्ट में घायल एक और चौथे शख्स की जीटीबी अस्पताल में शनिवार को मौत हो गई है। राम नरेश को गंभीर हालत में ईएसआइ अस्पताल से गुरु तेग बहादुर अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। सुबह छह बजे उसकी मौत हो गई। राम नरेश ब्लास्ट वाले घर से कुछ ही दूरी पर रहता था। बता दें कि वीरवार को सिलेंडर ब्लास्ट होने के बाद अशोक यादव की पत्नी सुनीता यादव, बेटे राज कुमार की मौत हो गई थी। शुक्रवार को पड़ोसी शशी सिंह ने भी दम तोड़ दिया था। राम नरेश के तीन बच्चे बीस वर्षीय बेटी शालू, 14 साल का बेटा शुभम और दस साल का बेटा अभिषेक है, वह अकेला ही घर में कमाने वाला था। बता दें कि हादसे में 34 लोग झुलस गए थे, जिनमें से कई का अभी इलाज चल रहा है। पति को बिना बताए शशी का संस्कार
शशी सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को ग्यासपुरा के श्मशानघाट में कर दिया गया। शशी के पति जसवंत सिंह भी हादसे में झुलस गए थे और गुरु तेग बहादुर अस्पताल में ही दाखिल हैं। उसे यह बताया नहीं गया है कि उसकी पत्नी शशी सिंह की मौत हो चुकी है। उसकी गैरहाजिरी में यशवंत सिंह के भाई मनोज ने मुखाग्नि दी। शशी सिंह और यशवंत सिंह के दो बेटे हैं और उनका पालन पोषण मनोज की ओर से किया जा रहा है। इलाज से संतुष्ट नहीं परिजन
घायलों के परिजन अस्पतालों में हो रहे इलाज से संतुष्ट नहीं हैं। अरोप है कि ईएसआइ अस्पताल में प्रबंध बिलकुल ही नहीं है। घायलों को सर्जिकल वार्ड में ही दाखिल किया गया था, यहां पर एसी तक की सुविधा नहीं है। जिस कारण झुलसे लोगों की मौत हो रही है। ईएसआइ में पहले नौ लोगों को दाखिल करवाया गया था, अब यहां पर मात्र दो ही लोग रह गए हैं। बाकी सभी को दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है। शशी सिंह और राम रमेश को भी रेफर किया गया था।