रेगुलर करने की मांग को लेकर गेस्ट फैकल्टी की हड़ताल, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
लुधियाना शहर के दो सरकारी काॅलेजों गवर्नमेंट काॅलेज फाॅर गर्ल्स (जीसीजी) और सतीशचंद्र धवन (एससीडी) सरकारी काॅलेज के गेस्ट फैकल्टी भी हड़ताल पर रहे।
लुधियाना, जेएनएन। सरकारी काॅलेज गेस्ट फैकल्टी सहायक प्रोफेसर्स एसोसिएशन के आह्वान पर राज्य के सभी सरकारी काॅलेजों में गेस्ट फैकल्टी की ओर से सोमवार सुबह नौ बजे से दोपहर ढाई बजे तक हड़ताल की गई। लुधियाना शहर के दो सरकारी काॅलेजों गवर्नमेंट काॅलेज फाॅर गर्ल्स (जीसीजी) और सतीशचंद्र धवन (एससीडी) सरकारी काॅलेज के गेस्ट फैकल्टी भी हड़ताल पर रहे। दोनों काॅलेजों में गेस्ट फैकल्टी काॅलेज प्रांगण में हड़ताल पर बैठे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गेस्ट फैकल्टी की डिमांड केवल व केवल उन्हें रेगुलर करने की है।
जीसीजी काॅलेज में 52 गेस्ट फैकल्टी हड़ताल पर रहे। गेस्ट फैकल्टी एसिसटेंट प्रोफेसर एसोसिएशन सेंट्रल जोन इंचार्ज के प्रो. फलविंदर वर्मा पंजाब ने कहा कि काॅलेज में गेस्ट फैकल्टी ने किसी तरह का कोई लेक्चर नहीं लगाया है। इस दौरान रेगुलर प्रोफेसर्स की ओर से कक्षाएं जरूर ली गईं हैं, लेकिन कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या बहुत कम रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 से गेस्ट फैकल्टी सरकारी काॅलेजों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सेवाएं देते हुए लगभग 17 साल हो चुके हैं। अब उन्हें 21,000 रुपये वेतन मिलता है, जिसमें 11,600 रुपये काॅलेज और बाकी धनराशि सरकार देती है। सरकार की ओर से दी जाने वाली धनराशि कई बार दो-दो महीने मिलती ही नहीं है।
उन्होंने सरकार से मांग उठाई है कि गेस्ट फैकल्टी को रेगुलर किया जाए। दोनों काॅलेजों में सोमवार की जाने वाली हड़ताल शांतिपूर्ण रही। हड़ताल के दौरान गेस्ट फैकल्टी ने चेतावनी देते कहा कि अगर जल्द से उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वह विद्यार्थियों के साथ सड़क पर उतरने को मजबूर हों जाएंगे।
उधर, एससीडी सरकारी काॅलेज में 63 गेस्ट फैकल्टी हड़ताल में शामिल हुए। काॅलेज गेस्ट फैकल्टी के प्रेजिडेंट लखविंदर सिंह ने कहा कि इस दिन काॅलेज में मार्केटिंग फेस्ट का आयोजन चलता रहा, जिसके चलते हड़ताल की वजह से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हुई है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें