'भीख दो, पुलिस को रिश्वत देनी है'; लुधियाना में बेटे के साथ भीख मांग रही मां, सड़क किनारे तख्ती लेकर छलका महिला का दर्द
लुधियाना में एक महिला अपने बेटे के साथ सड़क पर भीख मांग रही है, आरोप है कि पुलिस ने रिश्वत मांगी और रिश्तेदारों ने उसकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया।

लुधियाना में बेटे के साथ भीख मांग रही मां। फोटो जागरण
HighLights
महिला ने रिश्तेदारों पर संपत्ति कब्जाने और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया।
पुलिस पर शिकायत के लिए कथित तौर पर 2000 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप।
पुलिस ने आरोपों को बेबुनियाद बताया, संपत्ति विवाद की जांच जारी है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। ताजपुर रोड निवासी एक महिला ने अपने रिश्तेदारों पर घर पर कब्जा करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि जब वह मामले की शिकायत लेकर थाना डिवीजन नंबर सात पहुंची तो वहां एक पुलिस मुलाजिम ने कथित तौर पर दो हजार रुपये रिश्वत मांगी।
पुलिस से इंसाफ नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए महिला अपने बेटे के साथ सड़क किनारे तख्ती लेकर खड़ी हो गई। तख्ती पर उसने अपनी परेशानी लिखकर लोगों से मदद मांगी और कहा कि उसे भीख दे दी जाए, ताकि वह पुलिस को रिश्वत दे सके। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
महिला लवली के मुताबिक, उसके पति का देहांत हो चुका है। उसका आरोप है कि उसके ससुर ने संपत्ति उसके बेटे के नाम कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद उनके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर घर पर कब्जा कर लिया है। लवली का कहना है कि उसे और उसके बेटे को घर में दाखिल नहीं होने दिया जा रहा और उनके साथ मारपीट भी की गई। इस वजह से वह परेशान है और अपने हक के लिए भटक रही है।
शिकायत पर नहीं हो रही सुनवाई
लवली ने आरोप लगाया कि जब उसने रिश्तेदारों की ओर से कथित तौर पर किए गए कब्जे और मारपीट की शिकायत चौकी ताजपुर और डिवीजन 7 की पुलिस से की तो उसे राहत देने के बजाय एक मुलाजिम ने कथित तौर पर दो हजार रुपये की मांग की।
महिला का आरोप है कि पैसे दिए बिना उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं की जा रही। इसी परेशानी के चलते उसने सड़क किनारे खड़े होकर लोगों से आर्थिक मदद मांगने का फैसला किया।
महिला की तख्ती पर लिखे संदेश में उसके दर्द और पुलिस व्यवस्था को लेकर उसकी नाराजगी सामने आई। उसने लोगों से अपील की कि वे उसे भीख दे दें, क्योंकि उसे कथित तौर पर पुलिस मुलाजिम को रिश्वत देनी है। बेटे के साथ सड़क किनारे खड़ी महिला का यह तरीका लोगों का ध्यान खींच रहा है।
बेची हुई जमीन पर अपना हक बता रही महिला: एसएचओ
एसएचओ गगनदीप सिंह ने बताया कि उक्त महिला पहले फिलौर रहती थी। उनके ससुर ने पहले ही ये प्रापर्टी किसी और बुजुर्ग को बेच दी थी। अब ये महिला उक्त बेची हुई जमीन पर अपना हक बता रही है। कुछ समय पहले वो इस प्रापर्टी में जबरदस्ती घुस गई थी।
इस मामले में उसने सीपी आफिस शिकायत दी थी, उसकी जांच चल रही है। बाकी रिश्वत मांगने वाली कोई भी बात नहीं है। महिला के आरोप बेबुनियाद हैं। उसे कोई गलत गाइड कर रहा है।
