Drug Smuggling : लुधियाना पुलिस के हत्थे चढे़ चार नशा तस्कर, चूरापोस्त, हेरोइन व अवैध शराब बरामद
लुधियाना पुलिस ने चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चूरापोस्त हेरोइन व अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है व मामले की जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी मुहिम के अंतर्गत बीते 24 घंटों के दौरान पुलिस ने विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चूरापोस्त, हेरोइन तथा अवैध शराब बरामद हुई। आरोपितों के खिलाफ 4 केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है। थाना कूमकलां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव हीरां में दबिश देकर एक व्यक्ति काे 2 किलो चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार किया।
एएसआइ धर्मपाल ने बताया कि उसकी पहचान गांव हीरां निवासी संतोख सिंह के रूप में हुई। उधर, पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ईसा नगरी पुली पर की गई नाकाबंदी के दौरान पैदल आ रहे एक व्यक्ति को 35 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 2 में केस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- Weather Update: पंजाब में अगले 2 दिन के लिए आरेंज अलर्ट जारी; आंधी के साथ ओलावृष्टि के भी आसार
एसआइ जगतार सिंह ने बताया कि उसकी पहचान हरगोबिंद नगर की गली नंबर 5 निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई। वहीं, थाना लाडोवाल पुलिस ने गांव तलवंडी में की गई नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार को 15 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। एएसआइ राम कृष्ण ने बताया कि उसकी पहचान जालंधर के गांव पंज ढेरा गोइंदवाल निवासी दलबीर सिंह के रूप में हुई।
चौथी घटना में थाना डिवीजन नंबर 6 पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जगराओं पुल पर दबिश देकर 18 बोतल अवैध शराब बरामद की। पुलिस को देख आरोपित मौके से फरार हो गया। हवलदार रविंदर कुमार ने बताया कि उसकी पहचान प्रेम नगर की गली नंबर 9 निवासी दीपू के रूप में हुई। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- नवजोत सिंह सिद्धू के खास मित्र रहे परगट सिंह की बंद हुई बोलती...पढ़ें जालंधर की और भी रोचक खबरें