महिला दिवस पर तीन युवतियां प्रेमी संग फरार, परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप
महिला दिवस पर आठ मार्च को शहर के विभिन्न हिस्सों से तीन युवतियां अपने प्रेमी के साथ फरार हो गईं। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
जेएनएन, लुधियाना। महिला दिवस पर आठ मार्च को शहर के विभिन्न हिस्सों से तीन युवतियां अपने प्रेमी के साथ फरार हो गईं। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। वहीं एक युवती 9 मार्च को घर से गायब हो गई। इन युवतियों के परिजनों ने पुलिस के पास अपहरण का मामला दर्ज करवाया है।संबंधित थानों की पुलिस ने केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पहला मामला
थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने राजीव गांधी कॉलोनी निवासी महिला की शिकायत पर उसी इलाके में रहने वाले प्रदूमन के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि उसकी 18 साल की बेटी गत आठ मार्च की दोपहर घर में किसी से कुछ कहे बिना ही चली गई। बाद में उसे पता चला कि आरोपित ने उसे बहला-फुसला कर उसका अपहरण कर लिया है।
दूसरा मामला
थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने ही राजीव गांधी कॉलोनी निवासी व्यक्ति की शिकायत पर जमालपुर की लेबर कॉलोनी निवासी बंटी उप्पल के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 8 मार्च की सुबह 9 बजे उसकी 12 साल की बेटी घर में किसी से कुछ कहे बगैर कहीं चली गई। पूछताछ के दौरान उसे पता चला कि आरोपित ने उसे बहला फुसला कर शादी का झांसा देकर उसका अपहरण कर लिया है।
तीसरा मामला
थाना जमालपुर पुलिस ने ताजपुर रोड स्थित ताजपुर कॉलोनी निवासी व्यक्ति की शिकायत पर गांव झाबेवाल निवासी गौरव के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि उसकी 15 साल की बेटी महावीर कॉलोनी स्थित धागे की फैक्ट्री में काम करती है। नौ मार्च को वह घर में किसी से कुछ कहे बगैर चली गई। बाद में उसे पता चला कि उसकी फैक्ट्री में काम करने वाला उक्त आरोपित उसे शादी का झांसा दे अगवा कर ले गया है।
चौथा मामला
थाना डाबा पुलिस ने डाबा रोड निवासी महिला की शिकायत पर शिव नगर निवासी संदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि उसकी 16 साल की बेटी लोहारा के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। गत 8 मार्च की सुबह वो घर से स्कूल के लिए गई, मगर लौट कर नहीं आई। बाद में हुई जांच पड़ताल के दौरान उसे पता चला कि उक्त आरोपित उसे शादी का झांसा देकर अगवा कर ले गया है।