यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लुधियाना में नेशनल हाईवे पर चार स्थानों पर बनेंगे एंट्री व एग्जिट प्वाइंट, लोगों को ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात
लुधियाना में नेशनल हाईवे नंबर 44 पर लुधियाना शहर के बीच में एंट्री और एग्जिट नहीं होने के कारण सर्विस ...और पढ़ें

लुधियाना, जेएनएन। नेशनल हाईवे नंबर 44 पर लुधियाना शहर के बीच में एंट्री और एग्जिट नहीं होने के कारण सर्विस लेन पर हमेशा जाम लगा रहता है। यह हालात तो तब हैं जबकि अभी शहर में अन अधिकृत तौर पर कुछ एंट्री व एग्जिट प्वाइंट चल रहे हैं। नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट का काम पूरा होते ही यह अनअधिकृत एंट्री एग्जिट बंद हो जाएंगे। जिससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था और भी बिगड़ जाएगी। विधायक संजय तलवाड़ ने करीब दो माह पहले जिला प्रशासन के अफसरों व नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया के अफसरों को जालंधर बाईपास से शेरपुर चौक तक का दौरा करवाया और उन्हें शहर की वास्तविक स्थिति से रूबरू करवाया और यहां एंट्री व एग्जिट प्लान करने को कहा।
विधायक तलवाड़ की सलाह पर नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया के स्थानीय अधिकारियों ने सर्वे किया और लुधियाना में एंट्री व एग्जिट देने का प्रस्ताव चेयरमैन के पास भेजा। चेयरमैन एसएस संधू ने लुधियाना दौरे पर शहर में पांच एंट्री व एग्जिट तैयार करने पर हामी भरी थी और अब एनएचएआइ ने शहर में चार स्थानों पर एंट्री एग्जिट बनाने का काम भी शुरू कर दिया। विधायक संजय तलवाड़ ने कहा कि चार एंट्री एग्जिट मिलने से भी शहर में ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा।
उनका कहना है कि समराला चौक में सबसे ज्यादा जाम लग रहा है जिसकी वजह से यहां भारी वाहनों की एंट्री भी बंद कर दी गई है। लेकिन यह पक्का हल नहीं है। अब एंट्री व एग्जिट मिलने के बाद लोगों को राहत मिल जाएगी। विधायक ने एनएचएआइ के चेयरमैन एसएस संधू का धन्यवाद किया और कहा कि इन एंट्री व एग्जिट से सबसे ज्यादा फायदा हलका पूर्वी के लोगों को मिलना है। इसके अलावा ताजपुर रोड व टिब्बा रोड पर बनने वाले फ्लाई ओवर से भी लोगों को बहुत फायदा मिलेगा।
