आप के पूर्व हलका इंचार्ज फल्ली से आज मिलेंगे पूर्व मंत्री जोशी
आम आदमी पार्टी को कुछ समय पहले ही अलविदा कहने वाले पार्टी के पूर्व हलका इंचार्ज अनिल दत्त फल्ली के आवास पर सोमवार को भाजपा छोड़ शिरोमणि अकाली दल में आए पूर्व मंत्री अनिल जोशी पहुंच रहे हैं। हालाकि दोनों नेताओं के बीच रिश्तेदारी है लेकिन जोशी के स्वागत के लिए फल्ली द्वारा की जा रही तैयारियों के चलते कई तरह की सियासी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।
सचिन आनंद, खन्ना: आम आदमी पार्टी को कुछ समय पहले ही अलविदा कहने वाले पार्टी के पूर्व हलका इंचार्ज अनिल दत्त फल्ली के आवास पर सोमवार को भाजपा छोड़ शिरोमणि अकाली दल में आए पूर्व मंत्री अनिल जोशी पहुंच रहे हैं। हालाकि दोनों नेताओं के बीच रिश्तेदारी है, लेकिन जोशी के स्वागत के लिए फल्ली द्वारा की जा रही तैयारियों के चलते कई तरह की सियासी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। आप छोड़ने के बाद फल्ली फिलहाल किसी भी दल में शामिल नहीं हुए हैं। ऐसे में उनके अकाली दल में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
दरअसल फल्ली 2017 के विधानसभा चुनाव में आप के टिकट पर खन्ना से चुनाव लड़े थे। वे 35 हजार के करीब वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे थे। हालांकि पिछले महीने ही पार्टी ने तरुनप्रीत सिंह सौंद को हलका इंचार्ज लगाया तो फल्ली ने आप हाईकमान पर गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी थी। उसके बाद से फल्ली के अगले कदम का सबको इंतजार था। पहले दोनों नेता भाजपा में थे
अनिल जोशी और अनिल दत्त फल्ली रिश्ते में भाई हैं। दोनों ही पहले भाजपा में रहे हैं। फल्ली ने 2015 के नगर कौंसिल चुनाव में दो टिकटें नहीं मिलने के कारण पार्टी छोड़ी थी और उसके बाद वे और उनकी पत्नी आजाद ही पार्षद चुने गए। 2021 के नगर कौंसिल चुनाव में उनकी दोनों सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व हो गई तो एक सीट से उनकी मा चुनाव हार गई तो दूसरी से पत्नी जीत गई। फल्ली 2016 में आप में शामिल हुए और 2017 विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बने। यह केवल एक निजी दौरा : फल्ली
अनिल दत्त फल्ली ने कहा कि अनिल जोशी सोमवार दोपहर को उनके घर पहुंचेंगे। ये केवल एक निजी दौरा है और कुछ खास दोस्त ही इसमें शामिल होंगे। फल्ली ने कहा कि फिलहाल वे अकाली दल में शामिल नहीं हो रहे हैं। इस संबंध में कोई फैसला भी अभी उन्होंने नहीं लिया है।