डीएल डान, लुधियाना : यात्रियों की सुविधा के लिए लुधियाना रेलवे स्टेशन पर ढाई करोड़ में बने फुट ओवरब्रिज का यात्रियों को अधिक लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसकी सीढ़ी प्लेटफार्म नंबर एक पर न उतरकर, मेन गेट पर उतर रही है। ऐसे में लुधियाना वेस्ट एरिया से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सिविल लाइन एरिया से प्लेटफार्म एक पर जाने वाले यात्री इस संबंध में कई बार शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होने से यात्री परेशान हैं।
यात्रियों की मांग, प्लेटफार्म एक पर उतारी जाए सीढ़ी
स्टेशन पर आने वाले यात्री अशोक मल्होत्रा, राजेश वर्मा, संजीव चौधरी ने कहा कि मेन फुट ओवरब्रिज से प्लेटफार्म नंबर एक पर सीढ़ी नहीं उतरने के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है। व्यापार को लेकर उन्हें हर दो-चार दिन में दिल्ली और अन्य शहरों में जाना पड़ता है। इसके लिए अधिकतर ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर एक से ही मिलती हैं। सिविल लाइन की ओर से प्लेटफार्म एक पर पहुंचने के लिए उन्हें फुट ओवरब्रिज से स्टेशन के बाहर परिसर में उतरना पड़ता है। इसके बाद फिर अंदर आने के लिए राउंड लगाकर प्लेटफार्म एक पर पहुंचना पड़ता है। इसमें काफी समय लग जाता है और मुश्किल अलग होती है। उन्होंने रेल विभाग के शीर्ष अधिकारियों से मांग की है कि इस फुट ओवरब्रिज से प्लेटफार्म एक पर भी सीढ़ी उतारी जाए।
बनाया जा सकता है एस्केलेटर
सिविल लाइन की ओर से प्लेटफार्म नंबर एक पर जाने के लिए फूट ओवरब्रिज कारगर नहीं होने से यात्री परेशान है। इस बारे में फिरोजपुर रेल मंडल के चीफ इंजीनियर एस कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अब भी फुट ओवरब्रिज से सीढ़ी प्लेटफार्म एक पर उतारी जा सकती है। इसके अलावा एस्केलेटर पर भी बनाया जा सकता है। लुधियाना के अधिकारियों ने पहले इस संबंध में प्रपोजल भी भेजा था, लेकिन उसे शीर्ष अधिकारियों ने स्वीकार नहीं किया और मामला लटक गया।
जल्द ही लिया जाएगा कोई फैसला : डीआरएम
फुट ओवरब्रिज से एक नंबर प्लेटफार्म पर सीढ़ी उतारने के बारे में जब फिरोजपुर रेल मंडल के डीआरएम राजेश अग्रवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि फिलहाल तो ये मामला उनके ध्यान में नहीं था। हालांकि अगर लोगों को ऐसी कोई समस्या है तो सर्वे करवाकर जल्द ही कोई फैसला लिया जाएगा।
शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप






न्यूज़
मरीज
अस्पताल
दवाएँ
बाजार
पुलिस












a