पुलिस ने जगह-जगह मारे छापे, चाइना डोर बेचने पर दस दुकानदार गिरफ्तार Ludhiana News
पुलिस ने पाबंदीशुदा चाइना डोर के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को भी चार दुकानों पर रेड कर वहां से 89 गट्टू बरामद कर चार दुकानदारों को गिरफ्तार किया गया है।
लुधियाना, जेएनएन। दैनिक जागरण द्वारा शुरू की गई मुहिम के बाद हरकत में आई पुलिस ने लगातार तीसरे दिन भी चाइना डोर विक्रेताओं की धरपकड़ जारी रखी। शनिवार पुलिस ने विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 246 गट्टू डोर बरामद की गई। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है।
थाना डिवीजन नंबर 3 पुलिस ने धर्मपुरा निवासी गुलजार डाबर के घर में दबिश देकर उसे 123 गट्टू डोर बरामद की गई। थाना डिवीजन नंबर 4 पुलिस ने कपूर अस्पताल चौक में स्थित करियाना स्टोर पर दबिश देकर दुकानदार को 5 गट्टू डोर के साथ काबू किया। उसकी पहचान छावनी मोहल्ला निवासी तरनजीत सिंह के रूप में हुई। थाना सदर पुलिस ने सतजाेत नगर निवासी सुभाष गर्ग को उसके घर से दो गुट्टू डोर के साथ काबू किया।
थाना सदर पुलिस ने सतजोत नगर इलाके में रेड करके मॉडल हाउस निवासी कुलजीत सिंह को तीन गट्टू डोर के साथ गिरफ्तार किया। थाना दरेसी पुलिस ने न्यू माधो पुरी निवासी चिंटू के घर में रेड करके उसे 10 गट्टू डोर के साथ काबू किया। थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने सुभानी बिल्डिंग चौक के पास दबिश देकर हरगोबिंद नगर निवासी सुशील कुमार को 48 गट्टू डोर के साथ गिरफ्तार किया। थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने फील्ड गंज इलाके में दबिश देकर विष्णु पुरी निवासी विशाल खुराना को 2 गट्टू डोर के साथ काबू किया।
सीआइए-2 टीम ने जगदीश पुरा स्थित पतंग की दुकान पर रेड करके धर्मपुरा निवासी सुभाष चंद्र को 20 गट्टू डोर के साथ काबू किया। थाना डिवीजन नंबर 7 पुलिस ने आदर्श नगर निवासी तरनजीत सिंह के घर में रेड करके उसे 20 गट्टू डोर के साथ गिरफ्तार किया। थाना पीएयू पुलिस ने रिशी नगर निवासी लखवीर सिंह के घर में रेड करके उसे 13 गट्टू डोर के साथ काबू किया।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें