फिरोजपुर रेलवे मंडल का शानदार प्रदर्शन, टिकट चेकिंग से 3.85 करोड़ रुपये का राजस्व किया अर्जित
मंडल रेल प्रबंधक डा सीमा शर्मा ने बताया कि फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। टिकट चेकिंग का मुख्य उद्देश्य रेलवे टिकटों की बिक्री में सुधार और बिना टिकट यात्रा कर रहे रेल यात्रियों से जुर्माना वसूल करना है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। Firozpur Railway Mandal: फिरोजपुर रेलवे मंडल ने जून के महीने में टिकट चेकिंग के जरिए 3.85 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग दल ने अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों की इस प्रवृति पर रोक लगाने हेतु ट्रेनों में टिकट चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें प्रदर्शन काफी अच्छा रहा।
राजस्व नुकसान पर वरिष्ठ अधिकरियों की नजर
बता दें कि, जून, 2022 में टिकट चेकिंग के दौरान कुल 54957 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए मिले थे। इस दौरान उनसे जुर्माने के तौर पर लगभग 3.85 करोड़ रूपये का राजस्व वसूल किया गया। फिरोजपुर मंडल की टिकट चेकिंग टीम ने पहली तिमाही यानी वर्ष 2022 के अप्रैल से जून माह के दौरान लगभग 15.03 करोड़ रूपये का राजस्व वसूल कर रिकार्ड दर्ज किया। ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा से होने वाले राजस्व नुकसान पर वरिष्ठ अधिकारी कड़ी नजर रखे हुए हैं।
यात्रा के दौरान ट्रेन में टिकट चेकिंग करते हुए अधिकारी
मुख्य स्टेशनों पर होती है नियमित जांच
मंडल के रेलवे स्टेशनों को साफ-सुथरा बनाए रखने, आम जनता को स्टेशनों पर गंदगी फैलाने से रोकने व उनको जागरूक करने के लिए मंडल के मुख्य स्टेशनों पर नियमित जांच की जाती है। इसके फलस्वरूप जून महीने में 327 यात्रियों को स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने के कारण (एंटी लिटरिंग एक्ट) उनसे 55,650/- रूपये वसूल किए गए।
फिरोजपुर मंडल में जारी रहेंगे टिकट चेकिंग अभियान
मंडल रेल प्रबंधक डा सीमा शर्मा ने बताया कि फिरोजपुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेंगे। टिकट चेकिंग का मुख्य उद्देश्य रेलवे टिकटों की बिक्री में सुधार और बिना टिकट यात्रा कर रहे रेल यात्रियों से जुर्माना वसूल करना है। ताकि वे भविष्य में असुविधा से बचने के लिए उचित और वैध रेलवे टिकट लेकर ही यात्रा करें।
यह भी पढ़ेंः -Bhagwant Mann से पहले 70 साल के इस पूर्व विधायक ने भी रचाई थी दूसरी शादी, जानिए पूर्व सीएम चन्नी के करीबी निम्मा की लव स्टाेरी