गाड़ी की किश्तों को लेकर हुए विवाद में चली गोली, एक गंभीर Ludhiana News
गोली चलने के बाद इंद्रा नगर में दहशत का माहौल बन गया। दुकानदार अपनी दुकानों के शटर बंद कर घर चले गए। देखते ही देखते आधा बाजार बंद हो गया।
लुधियाना, जेएनएन। इंद्रा कॉलोनी में दुकान के बाहर पुरानी गाड़ी की किश्तों को लेकर हुए झगड़े में गोलियां चल गईं। जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे सीएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
बस्ती जोधेवाल के गुरु अर्जुन देव नगर निवासी सन्नी ने बताया कि उसने 2018 में बोलेरो गाड़ी टिब्बा रोड निवासी बन्नी को बेची थी। कार की तीन किश्त टूटने के कारण बैंक के अधिकारी उसे परेशान कर रहे थे। जिस कारण उसने बन्नी से बात की तो उसने उसे सोमवार दोपहर के समय बात करने के लिए इंद्रा कॉलोनी बुलाया था। वह अपने साथी नीरज और जसवीर सिंह उर्फ बिंदरी बाबा को साथ लेकर इंद्रा नगर गया था। बातचीत के दौरान तय हुआ कि बन्नी टूटी तीन किश्तों का चेक बैंक के नाम से देगा और वह उसे अस्टाम लिखकर देगा ताकि एनओसी सीधे बन्नी के नाम पर आ जाए।
वह बात करने के बाद घर चले गए थे, इसी दौरान बन्नी का फोन आया कि कागजात तैयार हैं और वह आकर साइन कर दे। जब वह वहां पहुंचे और चेक के बारे में पूछा तो बन्नी ने कहा कि वह चेक पर 20 मार्च की तारीख डालकर देगा। तब उसने अष्टाम उसे देने से मना कर दिया। इस बाद को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान बन्नी और उसके भाई सन्नी ने रिवाल्वर से फायर कर दिए। बन्नी की तरफ से तीन फायर किए गए थे, जिसमें से एक गोली जसवीर सिंह के पेट और दूसरी गोली उसके पांव में लगी। वह गंभीर घायल जसवीर सिंह को लेकर सीएमसी पहुंचे। बताया जा रहा है कि गोली लगने से जसवीर उसके पेट की आंतें फट गई हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
फायरिंग के बाद दहशत, बंद हुआ आधा बाजार
गोली चलने के बाद इंद्रा नगर में दहशत का माहौल बन गया। दुकानदार अपनी दुकानों के शटर बंद कर घर चले गए। देखते ही देखते आधा बाजार बंद हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
हमने वारदात की जगह पर सीसीटीवी कैमरे चेक कर जांच शुरू कर दी है। मौके से कुछ सबूत जुटाए गए हैं। जसवीर सिंह के दोस्त के बयान दर्ज कर केस दर्ज कर लिया गया है। अभी जसवीर सिंह बयान देने की स्थिति में नहीं है।
-दविंदर कुमार, एसीपी लुधियाना।