शादी के शगुन समारोह में यूथ कांग्रेस नेता ने चलाई गोली, युवक गंभीर
खन्ना में शादी के शगुन समारोह के दौरान यूथ कांग्रेस फतेहगढ़ साहिब लोकसभा क्षेत्र के प्रधान ने अचानक फायरिंग कर दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जेएनएन, खन्ना। यूथ कांग्रेस के फतेहगढ़ साहिब लोकसभा के प्रधान अवजिंदर सिंह काला के रिवाल्वर से सोमवार रात को खन्ना के यूके पैलेस में एक शगुन के समारोह में डीजे पर डांस करते वक्त चली गोलियों में से एक पास ही खड़े एक युवक को जा लगी। युवक को गंभीर हालत में लुधियाना के एसपीएस अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सदर पुलिस ने काला और उसके एक अन्य साथी हरदीप सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
खन्ना के आदर्श सिनेमा के मालिक हरप्रीत सिंह के बेटे गुरनिशान सिंह की शादी का शगुन और लेडीज संगीत सोमवार को यूके पैलेस में चल रहा था। रात करीब 11 बजे काला और हरदीप अन्य लोगों के साथ नाच रहे थे। वे दोनों स्टेज पर चढ़कर डांस करने लगे। पुलिस के अनुसार इस दौरान हरदीप ने काला को रिवाल्वर से फायर करने को कहा। काला ने इस पर तीन हवाई फायर किए। बताते हैं कि पास ही खड़े खन्ना के कारोबारी शिव कौशल के बेटे पुनीत कौशल ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो एक फायर काला ने पुनीत की तरफ कर दिया।
गोली पुनीत के बाजू के ऊपरी हिस्से में लगी और वह गंभीर जख्मी हो गया। इसके बाद हरदीप और काला मौके से फरार हो गए। पुनीत को पहले खन्ना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे लुधियाना रेफर कर दिया गया। एसएचओ सदर विनोद कुमार ने बताया कि पैलेस के मालिक अमरिंदर सिंह निवासी पटियाला के बयानों पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः बेटियां ही होंगी फरीदकोट के राजा की 20 हजार करोड़ की प्रॉपर्टी की मालिक